अम्बेडकर नगर। गर्मी की छुट्टियों और भीषण गर्मी के चलते घोषित अवकाश समाप्त होने के बाद गुरुवार को जनपद के परिषदीय एवं कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में एक बार फिर रौनक लौट आई। विद्यालय खुलते ही बच्चों की चहल-पहल से परिसर गुलजार हो उठे। इस अवसर पर जिलाधिकारी ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षकप्राची सिंह ने शिक्षा क्षेत्र अकबरपुर के प्राथमिक विद्यालय बर्धा भिउरा पहुंचकर बच्चों का स्वागत किया तथा उनके साथ बैठकर मध्याह्न भोजन भी ग्रहण किया।
विद्यालय पहुंचने पर दोनों अधिकारियों ने बच्चों को रोली-टीका लगाकर उनका आत्मीय स्वागत किया। अधिकारियों के बीच पहुंचने से बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने विद्यालय परिसर, शौचालयों की स्वच्छता, रसोईघर, पेयजल व्यवस्था तथा मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया और संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बच्चों के साथ बैठकर निर्धारित मेनू के अनुसार तैयार रोटी और दाल का भोजन किया तथा भोजन की गुणवत्ता की स्वयं जांच की। इस दौरान उन्होंने बच्चों से संवाद कर नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए मेहनत करने की प्रेरणा दी।
जिलाधिकारी ने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने, विद्यालय में अनुशासन बनाए रखने तथा स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सभी को समर्पित भाव से कार्य करना चाहिए।
गौरतलब है कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद विद्यालय 16 जून से खुल गए थे, लेकिन अत्यधिक गर्मी को देखते हुए शासन ने 24 जून तक बच्चों के लिए अवकाश घोषित कर दिया था। अवकाश समाप्त होने के बाद गुरुवार से विद्यालयों में नियमित शिक्षण कार्य दोबारा शुरू हो गया। इस मौके पर ज्वॉइंट मजिस्ट्रेट एवं उपजिलाधिकारी अकबरपुर प्रतीक्षा सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।