◆ प्रस्तावित योजना पर खर्च होंगे 2.61 करोड, महापौर ने किया शिलान्यास
अयोध्या। शहर में खाली और अनुपयोगी स्थानों को नागरिक सुविधाओं में बदलने की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में फतेहगंज जीआईसी ओवरब्रिज के नीचे खाली पड़ी जमीन को खेल पार्क और पार्किंग स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। राज्य स्मार्ट सिटी योजना के तहत प्रस्तावित इस परियोजना पर 2.61 करोड़रुपये खर्च होंगे।
परियोजना का शिलान्यास गुरुवार को महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी और नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने वैदिक विधि-विधान से नारियल फोड़कर किया। परियोजना पूरी होने के बाद ओवरब्रिज के नीचे का यह स्थान न केवल आकर्षक नजर आएगा, बल्कि आसपास के लोगों को पार्किंग और खेल जैसी सुविधाएं भी एक ही स्थान पर मिल सकेंगी।
योजना के तहत यहां पार्क, फुटपाथ, हरित क्षेत्र और अन्य नागरिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। वाहनों को व्यवस्थित ढंग से खड़ा करने के लिए पार्किंग की व्यवस्था भी होगी। प्रस्तावित पार्किंग में करीब 100 कारऔर 152 बाइक खड़ी की जा सकेंगी। इससे आसपास की सड़कों पर बेतरतीब तरीके से होने वाली पार्किंग से राहत मिलने की उम्मीद है।
परियोजना का एक प्रमुख आकर्षण बच्चों और युवाओं के लिए विकसित की जाने वाली खेल सुविधाएं होंगी। पार्क को मिनी स्टेडियम की तर्ज पर विकसित करते हुए क्रिकेटनेटप्रैक्टिसएरिया बनाया जाएगा। इससे स्थानीय बच्चों और उभरते खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा।
महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि नगर निगम शहर के उपलब्ध संसाधनों और खाली स्थानों का बेहतर उपयोग कर नागरिक सुविधाओं का विस्तार करने की दिशा में काम कर रहा है। फतेहगंज ओवरब्रिज के नीचे विकसित होने वाला यह स्थान पार्किंग के साथ खेल और मनोरंजन की सुविधा भी देगा।
उन्होंने कहा कि शहर के दूसरे फ्लाईओवरों के नीचे खाली स्थानों को भी इसी तर्ज पर विकसित करने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। इससे एक ओर पार्किंग की समस्या का समाधान होगा, तो दूसरी ओर बच्चों और युवाओं को खेल गतिविधियों के लिए स्थान मिल सकेगा।
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार पांडेय ने बताया कि परियोजना के पूरा होने के बाद यह क्षेत्र बहुउद्देशीय सुविधा केंद्र के रूप में विकसित होगा। इससे क्षेत्र का स्वरूप बदलने के साथ यातायात व्यवस्था को भी व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।
शिलान्यास के दौरान अपर नगर आयुक्त भारत भार्गव, उपसभापति संतोष सिंह, पार्षद हरिश्चंद्र गुप्ता, वरिष्ठ पार्षद अनिल सिंह, विशाल पाल, चंदन सिंह, सूर्यकुमार तिवारी सूर्या, सुशील मिश्रा बबलू, अनीता द्विवेदी, ज्ञान केसरवानी, अजय पांडेय, पूर्व पार्षद मनोज श्रीवास्तव, भाजपा मंडल अध्यक्ष रवि सोनकर, नीलकमल अग्रवाल, मनमोहन जायसवाल, शिवकुमार गुप्ता, संजय गुप्ता, दुर्गा केसरवानी, अनुभव जायसवाल, रामनंदन तिवारी, मुकेश अग्रहरि समेत अन्य लोग मौजूद रहे।