◆ महानगर के 419 बूथों पर सुनी गई ‘मन की बात’, जनप्रतिनिधियों ने बताया प्रेरणादायी
अयोध्या। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का लाइव प्रसारण रविवार को भाजपा महानगर के सभी 419 बूथों पर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों द्वारा सामूहिक रूप से सुना गया। कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्र निर्माण, सामाजिक जागरूकता, नवाचार और जनभागीदारी से जुड़े विषयों पर रखे गए विचारों को कार्यकर्ताओं ने सुना।

पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने सहादतगंज क्षेत्र में कार्यक्रम सुना। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की ‘मन की बात’ देशवासियों को सकारात्मक सोच और जनसेवा के लिए प्रेरित करने वाला मंच बन चुका है। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने करियप्पा मंडल के रिकाबगंज में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के विचार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जागरूकता का संदेश पहुंचाते हैं।

जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह ने कौशलपुरी में कहा कि ‘मन की बात’ जनसरोकारों को राष्ट्रीय विमर्श से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने मणिराम दास जी की छावनी वार्ड में कहा कि कार्यक्रम समाज में सकारात्मक परिवर्तन और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करता है।

महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने पार्टी कार्यालय सहादतगंज में कार्यक्रम सुनने के बाद कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों से प्रधानमंत्री का सीधा संवाद है। इसके माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन, जनभागीदारी, स्वदेशी, नवाचार और राष्ट्र निर्माण के विषयों को निरंतर प्रोत्साहन मिलता है।
वहीं पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने विद्याकुंड वार्ड में कहा कि प्रधानमंत्री के विचार आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं।



