Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या पश्चिम बंगाल की जनता बदलाव चाहती थी, भाजपा को मिला जनसमर्थन: डिप्टी...

पश्चिम बंगाल की जनता बदलाव चाहती थी, भाजपा को मिला जनसमर्थन: डिप्टी सीएम

0

◆ बृजेश पाठक बोले- यूपी विकास की राह पर, 2027 में फिर बनेगी भाजपा सरकार


अयोध्या। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक गुरुवार को महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट अयोध्या पहुंचे, जहां भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। अयोध्या पहुंचने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में पुलवामा हमले की पहली वर्षगांठ पर शहीदों को नमन करते हुए भारतीय सेना के शौर्य की सराहना की।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से देश के प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान में छिपे आतंकियों को करारा जवाब देने का कार्य किया। उन्होंने इसे गौरवशाली क्षण बताते हुए कहा कि भारतीय सेना ने आतंकवाद के आकाओं को पूर्ण रूप से ध्वस्त करने का काम किया है। उन्होंने हुतात्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सेना के जज्बे को प्रणाम किया।

पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के पीए की हत्या के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए बृजेश पाठक ने कहा कि यह अत्यंत दुखद घटना है। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस सरकार ने पश्चिम बंगाल की कानून व्यवस्था को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया था। उन्होंने कहा कि वहां नई सरकार के गठन की प्रक्रिया चल रही है और भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद कानून व्यवस्था बेहतर होगी। उन्होंने कहा कि संविधान और बाबा साहब भीमराव अंबेडकर द्वारा लिखित व्यवस्था के तहत ही सरकार का गठन होगा।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता भाई-भतीजावाद, भ्रष्टाचार और विकास की कमी से परेशान थी। जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा को प्रचंड बहुमत देकर सरकार बनाने का अवसर दिया है और शीघ्र ही वहां सरकार गठित होगी। उन्होंने दावा किया कि अन्य राज्यों की अपेक्षा पश्चिम बंगाल में तेजी से विकास होगा।

समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस और उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी एक जैसी राजनीति करती हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव ममता बनर्जी के “आंसू पोछने” के लिए पश्चिम बंगाल गए हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी के शासनकाल में भ्रष्टाचार, अराजकता, दंगा और अपराध को नहीं भूली है। उन्होंने आरोप लगाया कि “वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया” जैसी स्थिति पैदा हुई थी, जिसे जनता कभी माफ नहीं करेगी। रामभक्तों पर गोली चलाने की घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उन घटनाओं को याद कर आज भी मन द्रवित हो जाता है।

प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर है और अब रेवेन्यू सरप्लस राज्य बन चुका है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा वर्ष 2017 का इतिहास दोहराते हुए प्रचंड बहुमत के साथ पुनः सत्ता में आएगी।

उन्होंने बताया कि सर्किट हाउस में स्वास्थ्य विभाग की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें रोगियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने पर चर्चा होगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version