Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या बूथ से बनेगी जीत की राह, 22 जुलाई को होगा बूथ अध्यक्षों...

बूथ से बनेगी जीत की राह, 22 जुलाई को होगा बूथ अध्यक्षों का सम्मेलन

0

◆ तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा भाजपा संगठन, पदाधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी


अयोध्या। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक गतिविधियों को तेज कर दिया है। चुनावी रणनीति के तहत बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से भाजपा महानगर इकाई 22 जुलाई को अवध विश्व विद्यालय के विवेकानंद प्रेक्षागृह में बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित करेगी। सम्मेलन में महानगर क्षेत्र के सभी बूथ अध्यक्षों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए पार्टी ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है।

सम्मेलन की तैयारियों को लेकर भाजपा जिला कार्यालय पर आयोजित बैठक में महानगर प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने महानगर के पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपीं। बैठक में प्रत्येक बूथ अध्यक्ष  को सम्मेलन स्थल तक पहुंचाने की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। पार्टी का लक्ष्य महानगर के शत-प्रतिशत बूथ अध्यक्षों की सम्मेलन में उपस्थिति सुनिश्चित करना है।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा महानगर प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में जीत का आधार मजबूत बूथ संगठन होगा। उन्होंने कहा, बूथ अध्यक्ष संगठन की सबसे मजबूत कड़ी हैं। बूथ जितना सशक्त होगा, संगठन उतना ही प्रभावी होगा। सम्मेलन के माध्यम से बूथ अध्यक्षों को संगठन की आगामी रणनीति और जिम्मेदारियों से अवगत कराया जाएगा, ताकि 2027 के चुनाव में भाजपा फिर से ऐतिहासिक सफलता हासिल कर सके।

महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि सम्मेलन केवल एक संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आगामी चुनाव की तैयारियों का महत्वपूर्ण चरण है। उन्होंने कहा, हमारी योजना महानगर के 100 प्रतिशत बूथ अध्यक्षों की सम्मेलन में भागीदारी सुनिश्चित करने की है। बूथ स्तर तक सक्रिय और सशक्त संगठन ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। प्रत्येक पदाधिकारी को जिम्मेदारी दी गई है और सभी मिलकर सम्मेलन को सफल बनाएंगे।

बैठक में परमानंद मिश्रा, शैलेंद्र कोरी, तिलक राम मौर्य, शिवम शुक्ला, प्रवीण दुबे, शशि प्रताप सिंह, अरविंद सिंह, रीना द्विवेदी, स्वाति सिंह, गरिमा मौर्य, रवि सोनकर, मुकेश, कपिल देव वर्मा, हेमंत जायसवाल, जय प्रकाश श्रीवास्तव, चंदन कसेरा, शुभम श्रीवास्तव, ओमिस अग्रहरि, दिनेश कन्नौजिया सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version