जलालपुर, अंबेडकर नगर। तहसील क्षेत्र के निमटनी गांव में 19 मार्च से चल रहे नौ दिवसीय सरस राम कथा का शनिवार को विधिवत समापन हो गया। समापन अवसर पर भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया और धार्मिक वातावरण में सहभागिता निभाई।
राम कथा का वाचन रीवा, मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध कथावाचक अनूप शास्त्री द्वारा किया गया। उन्होंने अपने मधुर वाणी और ओजस्वी प्रवचनों के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा, त्याग और धर्म के संदेश को श्रद्धालुओं तक पहुंचाया। कथा के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर भक्ति रस में सराबोर होते रहे।
समापन दिवस पर आयोजित भंडारे में गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से भारी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने अनुशासनपूर्वक प्रसाद ग्रहण किया और आयोजन की सराहना की।
कार्यक्रम के आयोजक गगन मिश्रा तथा मुख्य यजमान ब्रजेश उपाध्याय रहे, जिनके नेतृत्व में यह धार्मिक आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कथा के सफल आयोजन में अनुज उपाध्याय, राजन उपाध्याय, अंकित, विपिन जायसवाल, विकास सिंह, धीरज, प्रशांत सहित समस्त ग्रामवासियों का सराहनीय योगदान रहा।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत प्रधान वंदना यादव की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक कार्यक्रम समाज में सकारात्मक ऊर्जा और एकता का संदेश देते हैं। पूरे आयोजन के दौरान गांव का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा और श्रद्धालुओं में उत्साह व आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।