अयोध्या। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा आयोजित परीक्षा में कृषि प्राविधिक सहायक के पद पर चयनित होने पर नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने संतोष पाण्डेय के आवास पहुंचकर उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। संतोष पाण्डेय पूराबाजार क्षेत्र के ग्राम द्वारिकापुर के निवासी हैं। उनकी सफलता से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता कठोर परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम होती है। उन्होंने कहा कि संतोष पाण्डेय ने अपनी मेहनत के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है, जो क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणादायी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि संतोष अपनी नई जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ करेंगे तथा कृषि क्षेत्र में किसानों के हित में बेहतर कार्य करेंगे।
इस अवसर पर गन्ना समिति के चेयरमैन दीपेन्द्र सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष कपिल देव वर्मा सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने संतोष पाण्डेय को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।