बसपा ने भी अपना किला बचाने के लिए झोंकी ताकत
55 लोकसभा सीट अंबेडकर नगर मोस्ट बैकवर्ड एवं मुस्लिम मतदाता होंगे निर्णायक
@ सुभाष गुप्ता
अंम्बेडकर नगर। देश में 18 वीं लोकसभा के गठन हेतु पांच चरणों का चुनाव संपन्न हो चुका हैं। पांच चरणों में अब तक 429 संसदीय क्षेत्र में मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर 429 सांसदों की किस्मत को ईवीएम में बंद कर दिया है। अब छठे चरण के चुनाव में पूरे विश्व का केंद्र बिंदु अयोध्या (फैजाबाद) जनपद का कभी हिस्सा रहीं अंबेडकर नगर लोकसभा 55 सीट पर मतदान 25 मई को होना है। इस चुनाव के लिए जहां एक तरफ राजनीतिक दलों के प्रत्याशियो के समर्थन में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रांतीय एवं राष्ट्रीय नेता छोटी बडी रैली व जनसभा के माध्यम से भारी भीड़ जुटा कर अपनी ताक़त का एहसास करा चुके हैं।तो वही चुनाव मे मतदान प्रतिशत को बढ़ाकर रिकॉर्ड बनाने एवं चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं कुशलतापूर्वक संपन्न करने के लिए प्रशासनिक तैयारियां भी अंतिम चरण में है।
आगामी 25 मई शनिवार को होने वाले मतदान के लिए गुरुवार की सांय 5:00 के बाद चुनाव प्रचार भी बंद हो गया है।इस लोकसभा सीट से वैसे तो कुल आठ प्रत्याशी चुनाव मैदान में है।
लेकिन प्रमुख लड़ाई भाजपा प्रत्याशी रितेश पांडे, सपा प्रत्याशी लालजी वर्मा एवं बसपा प्रत्याशी कमर हयात के बीच ही मानी जा रही है। इस सीट पर तीन दशकों के चुनाव की बातें करें तो यह सीट बहुजन समाज पार्टी का किला मानी जाती रही है। जिस पर बसपा सुप्रीमो मायावती के साथ उनकी ही पार्टी के प्रत्याशी सात बार लोकसभा चुनाव जीत कर सांसद रह चुके हैं। और वर्तमान समय में बसपा के टिकट पर चुनाव जीते रितेश पांडे सांसद है।
