Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर युवतियों का प्रेम प्रसंग आया सामने, एक साथ रहने पर अड़ीं

युवतियों का प्रेम प्रसंग आया सामने, एक साथ रहने पर अड़ीं

0
ayodhya samachar

जलालपुर अंबेडकर नगर। कोतवाली जलालपुर क्षेत्र में युवतियों के आपसी प्रेम का दिलचस्प मामला सामने आया है। गैर जनपद से रिश्तेदारी में आई एक युवती माह भर पूर्व रिश्तेदार की ही एक अन्य युवती को स्कूटी पर लेकर फरार हो गई थी। शुक्रवार को दोनों को इलाहाबाद से बरामद कर जब पुलिस के सामने पेश किया गया तो दोनों ने एक-दूसरे के साथ ही रहने की जिद ठान ली। इस दौरान परिजन और पुलिस दोनों ही असहाय नजर आए।

मामला कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति की शिकायत पर शुरू हुआ था। पिता ने पुलिस को तहरीर दी थी कि उसकी 27 वर्षीय पुत्री को आजमगढ़ जिले से आई रिश्तेदार की पुत्री पांच अगस्त को जलालपुर बाजार के बहाने स्कूटी से ले गई और वापस नहीं लौटी। मामले में पुलिस ने आरोपी युवती के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी।

इस बीच पीड़ित पक्ष के परिजनों ने खुद दोनों युवतियों को इलाहाबाद से ढूंढ़ निकाला और कोतवाली जलालपुर लेकर पहुंचे। पुलिस के समक्ष दोनों युवतियां एक साथ रहने की जिद पर अड़ गईं। परिजनों का कहना है कि दोनों ने समलैंगिक विवाह भी कर लिया है। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।

प्रभारी कोतवाल जैद अहमद ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र से गायब युवती के परिजन की तहरीर पर पहले से मुकदमा दर्ज है। दोनों युवतियों ने विवाह किया है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version