अयोध्या। हापुड़ जनपद में एक लेखपाल की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु को लेकर लेखपाल संघ में आक्रोश व्याप्त है। इसी क्रम में सोमवार को लेखपाल संघ के पदाधिकारियों व सदस्यों ने तहसील सदर में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी सदर को सौंपा। तहसील अध्यक्ष पुनीत सिंह व जिलाध्यक्ष विनोद पांडे और मंत्री सौरभ पाण्डेय के नेतृत्व में धरना प्रर्दशन किया गया।
ज्ञापन में आरोप लगाया कि हापुड़ में जिलाधिकारी द्वारा एक झूठी शिकायत के आधार पर बिना किसी जांच के लेखपाल सुभाष मीणा पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई से मानसिक दबाव में आए सुभाष मीणा की मौत हो गई, जो बेहद दुखद और निंदनीय है। ज्ञापन में लेखपाल संघ ने मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता, आश्रित को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी, घटना की निष्पक्ष जांच और दोषी अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने हेतु स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाने की भी अपील की गई। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में लेखपाल उपस्थित रहे।