जलालपुर, अंबेडकर नगर। स्थानीय विकास खंड क्षेत्र के कटका थाना अंतर्गत भवानी पट्टी में संचालित मेसर्स आर.एम. ईंट उद्योग के खिलाफ जिला पंचायत प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी किया है। नोटिस में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से आवश्यक सहमति पत्र प्राप्त किए बिना ईंट उद्योग का संचालन किसी भी स्थिति में मान्य नहीं होगा।
बताया जाता है कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा पूर्व में भी सहमति पत्र जारी न होने की स्थिति में भट्ठे के संचालन पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद भट्ठे के पुनः संचालन की प्रक्रिया शुरू कर दिए जाने को प्रशासन ने गंभीरता से लिया। जिलाधिकारी के निर्देश पर जलालपुर उप जिलाधिकारी को तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए गए।
मंगलवार को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी संजय मिश्रा, खनन विभाग के अधिकारी कमलेश साहू एवं उप जिलाधिकारी राहुल गुप्ता की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। टीम ने संचालित भट्ठे को अग्निशमन विभाग की सहायता से पानी डलवाकर बंद करा दिया।
इस संबंध में शिकायतकर्ता मंसाराम ने जिला प्रशासन, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एवं अन्य संबंधित विभागों से अवैध रूप से संचालित ईंट उद्योग को तत्काल बंद कराने की मांग की थी। उनका आरोप था कि बिना अनुमति संचालित भट्ठे से क्षेत्र में पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है तथा स्थानीय लोगों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उप जिलाधिकारी राहुल गुप्ता ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर नियमानुसार यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना वैध अनुमति के किसी भी औद्योगिक इकाई का संचालन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।