अंबेडकर नगर। जिले के शिक्षा परिदृश्य को नई दिशा देने की तैयारी शुरू हो गई है। अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र के सिसवा गांव में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय के निर्माण को शासन से प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिलते ही क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। करीब 23 करोड़ 23 लाख 58 हजार रुपये की लागत से बनने वाला यह आधुनिक विद्यालय 1500 से अधिक छात्रों को शहरों जैसी उच्चस्तरीय शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
परियोजना की कुल लागत का 50 प्रतिशत यानी 11 करोड़ 61 लाख 79 हजार रुपये की पहली किश्त कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कारपोरेशन को जारी कर दी गई है। एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय के प्रस्ताव पर यह विद्यालय स्थापित किया जा रहा है। कटेहरी विधानसभा क्षेत्र के नरहरपुर में बने मुख्यमंत्री मॉडल स्कूल के बाद यह जिले का दूसरा मुख्यमंत्री मॉडल विद्यालय होगा।
सरकार की योजना के तहत प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12 तक की शिक्षा एक ही परिसर में उपलब्ध कराई जाएगी। अकबरपुर तहसील के सिसवा गांव में लगभग 10 एकड़ भूमि चिन्हित कर निर्माण को मंजूरी दी गई है। विद्यालय बनने से सिसवा, रामपुर व सकरवारी क्षेत्र को शिक्षा का प्रमुख केंद्र बनाने की योजना है।
मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना के तहत प्रदेश के सभी 75 जिलों में मॉडल स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं। यह विद्यालय द्वितीय चरण में स्वीकृत हुआ है, जबकि प्रथम चरण में 39 जिलों में निर्माण कार्य पहले से प्रगति पर है। विद्यालय में आधुनिक शिक्षा के साथ खेलकूद, कौशल विकास, डिजिटल लर्निंग व समग्र व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
विद्यालय परिसर में मुख्य भवन जी प्लस टू, मिड-डे मील भवन जी प्लस वन, प्रधानाचार्य व उपप्रधानाचार्य आवास, कर्मचारी आवास, डॉरमेट्री, बाल वाटिका भवन, मल्टीपर्पज हॉल, गार्ड रूम, बाउंड्रीवाल, इंटरलॉकिंग व सीसी रोड का निर्माण किया जाएगा। विद्यालय में 30 से अधिक कक्षा-कक्ष होंगे और इसकी कुल छात्र क्षमता 1500 होगी। यहां छात्रों को शहरों जैसी आधुनिक और बेहतर शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।