◆ चौरसिया चेतना मंच ने आयोजित किया चौरसिया सम्मेलन
अयोध्या। चौरसिया चेतना मंच द्वारा गोस्वामी मैरिज लॉन चिखड़ी हैरिंग्टनगंज में चौरसिया सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मलेन को भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी व विधायक दीधा बिहार संजीव चौरसिया, नोखा बिहार के विधायक रामेश्वर प्रसाद चौरसिया, देवरिया विधायक सुरेन्द्र चौरसिया व प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने सम्बोधित किया। कार्यक्रम आयोजक राकेश चौरसिया ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
प्रदेश सह प्रभारी संजीव चौरसिया ने कहा पिछड़ो का हित व सम्मान भाजपा में ही है। जब भी भारतीय जनता पार्टी सरकार में आती है वह पिछड़ो के सम्मान के लिए कार्य करती है। चौरसिया समाज के गंगा बाबू चौरसिया को राज्यपाल बना कर सम्मान देने का कार्य भाजपा ने किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ही पिछड़ों की सच्ची हितैषी है। पिछड़ों का सम्मान भाजपा में ही सुरक्षित है।
रामेश्वर चौरसिया ने कहा कि सपा एवं बसपा केवल पिछड़ों की राजनीति करती है। इन दोनों दलों को पिछड़े समाज की चिंता नहीं है। देश में एक मात्र भाजपा ही है जो पिछड़ों के हित में कार्य करती है।
विधायक देवरिया सुरेन्द्र चौरसिया ने कहा कि भारत के संविधान में समाज के पिछड़े वर्गो के लिए विशेष सुविधायें एवं आरक्षण प्रदान किये गये हैं, ताकि इन जातियों तथा वर्गो का बहुमुखी विकास एवं जीवन स्तर अन्य वर्गो के समान हो सके।
प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देकर सरकार द्वारा पिछड़ो के अधिकारों को सुनिश्चित किया गया है। केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा चलाई गई योजनाओं से हर पात्र व्यक्ति लाभांवित हुआ है। योजनाओं से बदलाव को सभी ने महसूस किया है।
