अयोध्या। अमानीगंज ब्लॉक की 23 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों पर बाल विकास विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कार्य में लापरवाही और विभागीय निर्देशों की अनदेखी के चलते इनका मानदेय रोक दिया गया है। यह कार्रवाई अमानीगंज ब्लाक के बाल विकास परियोजना अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय कुमार त्रिपाठी द्वारा की गई।
समीक्षा में सामने आया कि संबंधित कार्यकत्रियां न तो नियमित रूप से केंद्र खोल रही हैं और न ही पोषण ट्रैकर पर संचालन की जानकारी फीड कर रही हैं। इसके अलावा पोषण स्तर के चिन्हांकन व खाद्यान्न वितरण की सूचनाएं भी अपलोड नहीं की जा रही हैं। विभागीय बैठकों में भाग न लेना और आदेशों की अवहेलना करना भी अनुशासनहीनता की श्रेणी में पाया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि चेहरा प्रमाणीकरण (फेस ऑथेंटिकेशन) और ई-केवाईसी कार्य की अंतिम तिथि 30 जून निर्धारित थी, जिसे 15 जुलाई तक बढ़ाया गया, फिर भी 50% से अधिक कार्य अपूर्ण रहा। कई बार चेतावनी और सुधार के अवसर देने के बाद भी इन केंद्रों के संचालन में सुधार नहीं देखा गया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक सभी निर्धारित कार्य सौ प्रतिशत पूर्ण नहीं हो जाते और कार्यकत्रियों का व्यवहार संतोषजनक नहीं होता, तब तक उनका मानदेय रोका जाएगा। अगर स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो सेवा से पृथक करने की कार्यवाही भी की जाएगी।