अम्बेडकर नगर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने गुरुवार को महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज, सदरपुर का निरीक्षण कर चिकित्सीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्त्री रोग विभाग, स्त्री रोग इमरजेंसी, ओपीडी वार्ड, प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र, अमृत फार्मेसी तथा नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई सहित विभिन्न विभागों का भ्रमण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अमृत फार्मेसी एवं प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र पर उपलब्ध दवाओं की सूची एवं रेट लिस्ट को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दवाओं की उपलब्धता बढ़ाने पर भी जोर दिया।
जिलाधिकारी ने भर्ती मरीजों एवं उनके तीमारदारों से सीधे संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सीय सुविधाओं, दवाओं, भोजन-नाश्ता एवं अन्य सेवाओं की जानकारी ली। मरीजों व तीमारदारों ने संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि मेडिकल कॉलेज में उन्हें समुचित व बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। निरीक्षण के दौरान ठंड से बचाव हेतु मरीजों को कंबल उपलब्ध कराए जाने की व्यवस्था भी संतोषजनक पाई गई।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि भर्ती मरीजों के साथ आने वाले परिजनों व तीमारदारों के लिए पृथक वार्ड की व्यवस्था की गई है, जहां कंबल व बेड सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि मेडिकल कॉलेज में डायलिसिस सेवा प्रारंभ कर दी गई है। शीतलहर से बचाव के लिए परिसर में पर्याप्त संख्या में अलाव की व्यवस्था भी की गई है।
निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को सुगमता, गुणवत्ता एवं समयबद्ध ढंग से बेहतर से बेहतर चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य सहित अन्य संबंधित चिकित्सक उपस्थित रहे।