Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या सावन में श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि : सूर्य प्रताप शाही

सावन में श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि : सूर्य प्रताप शाही

0

◆ प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों के साथ किया व्यवस्थाओं का निरीक्षण


अयोध्या। धार्मिक नगरी अयोध्या में श्रावण मास के चलते उमड़ रही श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की भीड़ को देखते हुए प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने शनिवार को अयोध्या धाम पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर भी मौजूद रहे।

उन्होंने कहा कि भव्य राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या में श्रद्धालुओं की संख्या में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। ऐसे में सावन माह की पवित्रता और शिवभक्तों की आस्था को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन को पूरी संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि सावन के हर सोमवार को सरयू से जल लेकर हजारों कांवड़िए अयोध्या से विभिन्न शिवालयों की ओर जलाभिषेक के लिए निकलते हैं, ऐसे में यात्रा मार्गों, शिवालयों और सरयू घाट पर विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

कांवड़ मार्गों पर नेम प्लेट लगाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था आहत न हो, इसका ध्यान रखा जाए। अगर श्रद्धालु अपने नाम से प्लेट लगाना चाहें तो यह उनकी भावना का सम्मान है।

पश्चिम उत्तर प्रदेश में कांवड़ियों द्वारा तोड़फोड़ की घटनाओं पर उन्होंने कहा कि आस्था के साथ अनुशासन भी जरूरी है। दिशानिर्देशों का पालन करें, तो यात्रा दिव्यता का अनुभव देगी। प्रभारी मंत्री ने बताया कि सरकार के निर्देशों के अनुसार कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत की भी व्यवस्था की जाएगी, ताकि उनकी यात्रा स्मरणीय और आनंददायक बने।


पीएसी की परफॉर्मेंस जांचने अयोध्या पहुंचे एडीजी आर.के. स्वर्णकार


सावन मेले में बेहतर सुरक्षा व्यवस्था और कांवड़ियों के बीच सामंजस्य बनाए रखने के उद्देश्य से एडीजी पीएसी आर.के. स्वर्णकार शनिवार को अयोध्या पहुंचे। उन्होंने हनुमानगढ़ी, राम जन्मभूमि सहित कई महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया और कांवड़ यात्रा मार्ग को लेकर स्थानीय अधिकारियों संग बैठक की।

बैठक के बाद एडीजी ने कहा, पीएसी की परफॉर्मेंस को ग्राउंड पर देखने और जवानों को बेहतर पुलिसिंग के गुण सिखाने के लिए मैं अयोध्या आया हूं। सावन मेले के दौरान और उसके बाद भी पीएसी की तैनाती और संचालन पर पूरी नजर रखी जाएगी। निरीक्षण के उपरांत उन्होंने हनुमानगढ़ी राम जन्मभूमि में पूजाअर्चना भी की।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version