Sunday, August 9, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्या20 हजार परिवारों से संपर्क कर तिरंगा सौंपेगी भाजपा, महानगर के सभी...

20 हजार परिवारों से संपर्क कर तिरंगा सौंपेगी भाजपा, महानगर के सभी बूथों पर निकलेगी तिरंगा यात्रा


अयोध्या। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चलाए जा रहे तिरंगा यात्रा अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी महानगर इकाई ने 20 हजार परिवारों तक पहुंचने का लक्ष्य तय किया है। पार्टी कार्यकर्ता घर-घर संपर्क कर परिवारों को तिरंगा सौंपेंगे और उनसे अपने प्रतिष्ठानों व भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज को पूर्ण सम्मान के साथ फहराने का आग्रह करेंगे। अभियान के तहत महानगर क्षेत्र के सभी बूथों पर तिरंगा यात्राएं भी निकाली जाएंगी।

भाजपा महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने बताया कि तिरंगा यात्रा अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए मंडल स्तर पर तिरंगों का वितरण शुरू कर दिया गया है। मंडलों से तिरंगे बूथ स्तर तक पहुंचाए जा रहे हैं, जहां कार्यकर्ता परिवारों से संपर्क कर राष्ट्रीय ध्वज वितरित करेंगे। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को स्वतंत्रता दिवस के उत्सव से जोड़ना और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के प्रति जागरूक करना है।

महानगर अध्यक्ष ने कहा, भाजपा महानगर इकाई ने 20 हजार परिवारों से संपर्क करने का लक्ष्य रखा है। कार्यकर्ता प्रत्येक परिवार तक पहुंचकर तिरंगा देंगे और स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज को सम्मानपूर्वक फहराने का निवेदन करेंगे। यह अभियान केवल यात्रा तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन की सहभागिता से राष्ट्रीय पर्व को उत्सव के रूप में मनाने का प्रयास है।

अभियान के तहत 10 अगस्त को करियप्पा और पूरा मंडल में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। करियप्पा मंडल की यात्रा की अगुवाई सूर्य प्रताप शाही करेंगे। 11 अगस्त को देवकाली मंडल में यात्रा निकलेगी, जबकि 12 अगस्त को राम मंदिर से लता चौक तक तिरंगा यात्रा आयोजित की जाएगी।

13 अगस्त को गांधी पार्क से शहीद स्मृतिका स्थल तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, जिसकी अगुवाई पूर्व उपमुख्यमंत्री करेंगे। इस यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आमजन के शामिल होंगे। तिरंगा यात्रा अभियान का संयोजक प्रदीप सिंह को बनाया गया है। मीडिया प्रभारी अमित कुमार मिश्र ने बताया कि महानगर क्षेत्र के सभी बूथों पर यात्राएं निकालकर अभियान को व्यापक रूप दिया जाएगा और 20 हजार परिवारों तक तिरंगा पहुंचाने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए कार्यकर्ता लगातार संपर्क अभियान चलाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments