Sunday, August 9, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरबिसुही नदी पर पुल निर्माण ने पकड़ी रफ्तार, 60 फीसदी से अधिक...

बिसुही नदी पर पुल निर्माण ने पकड़ी रफ्तार, 60 फीसदी से अधिक काम पूरा


◆ 15.69 करोड़ की लागत से बन रहा डबल लेन सेतु, 2028 में दौड़ेंगे वाहन; तीन जिलों की कनेक्टिविटी होगी आसान


अंबेडकरनगर। गोसाईंगंज-भीटी-महरुआ-दोस्तपुर मार्ग पर बिसुही नदी के ऊपर बन रहे पुल का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। करीब 15.69 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस डबल लेन सेतु का 60 फीसदी से अधिक काम पूरा हो चुका है। परियोजना पूरी होने के बाद अयोध्या, अंबेडकरनगर और सुल्तानपुर के बीच आवागमन और सुगम होने की उम्मीद है। निर्माण की निर्धारित समयसीमा के अनुसार 31 दिसंबर 2027 तक पुल का काम पूरा होना है और एक जनवरी 2028 से इस पर वाहनों का आवागमन शुरू होने की संभावना है।

सेतु निगम लिमिटेड अयोध्या के परियोजना प्रबंधक रोहित अग्रवाल के अनुसार, परियोजना को 20 दिसंबर 2025 को स्वीकृति मिली थी। अब तक 14.88 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त हो चुकी है, जिसमें से 7.25 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। पुल का फाउंडेशन और सब-स्ट्रक्चर का काम पूरा हो चुका है। वर्तमान में सुपर स्ट्रक्चर का निर्माण तेजी से चल रहा है।

बिसुही नदी पर बनने वाला यह सेतु 71 मीटर लंबा और डबल लेन का होगा। इसमें साढ़े सात मीटर चौड़ा कैरिजवे बनाया जाएगा। गोसाईंगंज-भीटी-महरुआ मार्ग के किलोमीटर 13 पर स्थित यह परियोजना क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग और जरूरत से जुड़ी है।


तीन जिलों के बीच बढ़ेगी कनेक्टिविटी


पुल के निर्माण से कटेहरी क्षेत्र के साथ आसपास के गांवों को भी बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा। अयोध्या, अंबेडकरनगर और सुल्तानपुर के बीच आवागमन आसान होने से लोगों के समय और यात्रा खर्च में कमी आएगी। व्यापार, शिक्षा और रोजगार के लिए आने-जाने वाले लोगों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। पुल के निर्माण से क्षेत्रीय विकास को गति मिलने के साथ हजारों ग्रामीण परिवारों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी की नई राह खुलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments