◆ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ भूमि पूजन, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता और डॉ. अमित सिंह चौहान रहे मौजूद
अयोध्या । रामनगरी में आवासीय विकास की एक नई परियोजना की शुरुआत हुई। सरयू तट और हाईवे के निकट प्रस्तावित ‘द बेस्ट ऑफ अयोध्या’ रिवर फ्रंट प्रोजेक्ट का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन किया गया। समारोह में बॉलीवुड अभिनेत्री अदा शर्मा की मौजूदगी खास आकर्षण रही। उन्होंने मंच से मराठी भाषा में राम भजन प्रस्तुत कर कार्यक्रम को भक्तिमय बना दिया।
अदा शर्मा के भजन की प्रस्तुति पर समारोह में मौजूद लोग भावविभोर हो उठे। अभिनेत्री ने अयोध्या के आध्यात्मिक वातावरण की सराहना करते हुए कहा कि रामनगरी की अनुभूति अद्भुत है। यहां आकर उन्हें शांति और सुकून मिला। उन्होंने अयोध्या में तेजी से हो रहे विकास को देश के लिए गर्व का विषय बताया और परियोजना की सफलता की कामना की।
भूमि पूजन समारोह में रंगमहल पीठाधीश्वर रामशरण दास महाराज ने परियोजना के प्रबंध निदेशक मुन्नू चौहान को आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम में अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता और बीकापुर विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान भी उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने परियोजना के पहले चरण को लेकर अपनी रुचि दिखाई।
आयोजकों के अनुसार, सरयू तट के समीप और हाईवे से जुड़ी लोकेशन पर विकसित होने वाली इस आवासीय परियोजना का उद्देश्य अयोध्या में घर बनाने की इच्छा रखने वाले लोगों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त आवास का विकल्प उपलब्ध कराना है। परियोजना से जुड़े डेवलपर्स ने यहां विश्वस्तरीय सुविधाएं और आध्यात्मिक परिवेश उपलब्ध कराने का दावा किया है। रामनगरी में बढ़ती आवासीय जरूरतों के बीच इस परियोजना की शुरुआत को नए आवासीय विकल्प के रूप में देखा जा रहा है।