Thursday, October 8, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यारुदौली में 14 किमी का सफर होगा सुहाना, सड़क चौड़ीकरण का काम...

रुदौली में 14 किमी का सफर होगा सुहाना, सड़क चौड़ीकरण का काम 80 फीसदी पूरा


◆ 15 दिसंबर तक पूरा होगा अमानीगंज–एनएच-28 मार्ग का काम, 24.86 करोड़ रुपये की लागत से हो रहा चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण


अयोध्या । रुदौली विधानसभा क्षेत्र में अमानीगंज से राष्ट्रीय राजमार्ग-28 तक जाने वाले मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का काम तेजी से चल रहा है। ऐहार–गौहन्ना–मीसा होते हुए एनएच-28 तक 14.240 किलोमीटर लंबे मार्ग के कायाकल्प पर 2486.70 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। लोक निर्माण विभाग के अनुसार परियोजना का करीब 80 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है और इसे 15 दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

लोक निर्माण विभाग खंड-4 के अधिशासी अभियंता शशि भूषण सिंह ने बताया कि निर्माण कार्य ने रफ्तार पकड़ ली है। निर्धारित समयसीमा में काम पूरा कराने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण से अमानीगंज सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

मार्ग का काम पूरा होने के बाद अमानीगंज, ऐहार, गौहन्ना, मीसा सहित आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। किसानों और व्यापारियों के साथ ही रोजाना जिला मुख्यालय और अन्य प्रमुख स्थानों की ओर आने-जाने वाले लोगों का सफर आसान होगा। बेहतर सड़क से क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

प्रदेश सरकार की सड़क अवसंरचना को मजबूत करने की प्राथमिकता के तहत चल रही इस परियोजना को रुदौली क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। लंबे समय से सड़क सुधार की जरूरत महसूस कर रहे ग्रामीणों को काम पूरा होने के बाद सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments