◆ अयोध्या के खिलाड़ियों का रहा दबदबा, मेडल और प्रमाणपत्र देकर बढ़ाया उत्साह
अयोध्या। क्योकुशिन स्पोर्ट्स कराटे ऑर्गनाइजेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित वार्षिक ऑल यूपी ओपन फुल कॉन्टैक्ट कराटे टूर्नामेंट का समापन हुआ। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अयोध्या सहित कानपुर, प्रयागराज, कौशांबी, बाराबंकी, लखनऊ, फतेहपुर और उन्नाव समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए बालक-बालिका खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता में मेजबान अयोध्या के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक पदक अपने नाम किए। अन्य जिलों के खिलाड़ियों ने भी उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन कर दो से आठ तक पदक हासिल किए। समापन समारोह में संयुक्त व्यापार मंडल के मंडल अध्यक्ष आनंद मोटवानी ने कुल 125 खिलाड़ियों को मेडल, प्रमाणपत्र और सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता के आयोजक एवं जापान से ब्लैक बेल्ट प्राप्त एसी दिलदार सिंह ने कहा कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों को शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ आत्मरक्षा के गुर सिखाना है। इससे खिलाड़ी जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर से आगे बढ़कर एशियाई एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि जीत हासिल करने वाले खिलाड़ी आत्मविश्वास के साथ निरंतर अभ्यास जारी रखें। इसमें अभिभावकों का सहयोग भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी से खेल और व्यायाम को दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।