Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या टोल विवाद के बाद थार सवारों ने की फायरिंग, ढाबे पर चाय...

टोल विवाद के बाद थार सवारों ने की फायरिंग, ढाबे पर चाय पी रहे युवक को लगी गोली

0

◆ गंभीर हालत में लखनऊ रेफर, आधा दर्जन से अधिक अज्ञात लोगों पर मुकदमा


अयोध्या। रौनाही थाना क्षेत्र में एनएच-27 स्थित टोल प्लाजा पर मंगलवार देर रात टोल टैक्स को लेकर हुए विवाद के बाद फायरिंग का मामला सामने आया है। आरोप है कि टोल कर्मचारियों से विवाद के बाद थार सवारों ने फायरिंग कर दी। इस दौरान टोल प्लाजा के पास फौजी ढाबे पर चाय पीने आए 28 वर्षीय सूफियान खान के पेट में गोली लग गई। गंभीर रूप से घायल सूफियान का लखनऊ के गोमतीनगर स्थित निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

घटना मंगलवार देर रात करीब दो बजे की बताई जा रही है। आरोप है कि काले रंग की बिना नंबर की थार लखनऊ की ओर से अयोध्या जा रही थी। रौनाही टोल प्लाजा पर टोल टैक्स को लेकर वाहन सवारों और कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर थार सवारों ने कथित तौर पर टोल का बैरियर तोड़ दिया और अयोध्या की ओर निकल गए। टोलकर्मियों ने उनका पीछा किया।

बताया गया कि इसी दौरान थार सवारों ने कथित रूप से फायरिंग शुरू कर दी। पास स्थित फौजी ढाबे पर अपने साथियों के साथ चाय पीने पहुंचे सूफियान उस समय स्कूटी पर बैठकर चाय का इंतजार कर रहे थे। फायरिंग के दौरान एक गोली उनके पेट में जा लगी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े। अचानक हुई फायरिंग से टोल प्लाजा और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। वारदात के बाद थार सवार मौके से फरार हो गए।

परिजन घायल सूफियान को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया। फिलहाल गोमतीनगर के एक निजी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के संबंध में घायल के भाई मो. शादाब की तहरीर पर रौनाही पुलिस ने आधा दर्जन से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की अभी पहचान नहीं हो सकी है। थाना प्रभारी रतन शर्मा ने बताया कि टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर थार और उसमें सवार लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version