Tuesday, March 4, 2025
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यागुणवत्तापरक शिक्षा व संस्कारों को ग्रहण कराने का कार्य शिक्षकों का :...

गुणवत्तापरक शिक्षा व संस्कारों को ग्रहण कराने का कार्य शिक्षकों का : राज्यपाल


◆ मनाया गया अवध विश्वविद्यालय का स्वर्ण जयंती समारोह


◆ आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को किया गया पुरस्कृत


अयोध्या। राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय मंगलवार को अपना स्वर्ण जयंती समारोह हषोल्लास के साथ मनाया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की कुलाधिपति एवं प्रदेश की राज्यपाल आनन्दीबेन पटेल ने कहा कि विश्वविद्यालय का विकास तभी संभव है जब सभ्य समाज में मानव का निर्माण हो। खोए हुए को पुनः प्राप्त करना और उसे आकार देना एवं गठित करना शिक्षण संस्थानों का प्रमुख दायित्व है। गुणवत्तापरक शिक्षा व संस्कारों को ग्रहण कराने का कार्य शिक्षकों का है। शिक्षा विद्यार्थी के सम्पूर्ण विकास में सहायक है। विश्व स्तर पर हो रही प्रतिस्पर्धा में युवाओं को भारी योगदान देना होगा।

राज्यपाल ने कहा कि आज की पीढ़ी का यह दायित्व है कि आने वाले भविष्य में सभी क्षेत्रों के युवा अपना अहम योगदान दे। शिक्षण संस्थान द्विस्तरीय शिक्षा का आदान प्रदान करें। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति में छात्र-छात्राओं को मल्टीपल विषय चुनने की आजादी है। इससे हम अपने विद्यार्थियों को हर क्षेत्र में प्रशिक्षित कर सकते है। विश्वविद्यालय स्तर पर यह तय किया जाए कि विद्यार्थियों की रूचि को बढ़ावा देने के लिए नए नए प्रयोग किए जाए। राज्यपाल ने कहा कि राम हमारे आदर्श है जो हमारे जीवन में चरित्र के निर्माण में सहायक है। भगवान राम का जीवन चित्रण जनमानस को शिक्षा देता है। कि हमें सामान्य तौर पर भेद-भाव से दूर रहना होगा। उन्होंने कहा कि शबरी का चरित्र हमें क्या सिखाता है। इस पर विचार करना चाहिए। एक दूसरे से सीखना ही जीवन है। समारोह में कुलाधिपति ने खेल पर जोर देते हुए कहा कि खेल बच्चों के जीवन में अत्यंत महत्वपूर्ण है। आज समाज में बच्चों को खेलने से मना करने की धारणा पनप रही है। जबकि बच्चों को इससे मना करना उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास में बाधा डालना है। सात साल के बच्चों का अस्सी से नब्बें प्रतिशत विकास हो जाता है। यह शोधों से पता चला है कि बच्चों के सर्वागीण विकास के लिए खेल आवश्यक है। राज्यपाल ने शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं को बताया कि यह वर्ष महारानी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जन्म ज्योति का उत्सव मना रहा है। विश्वविद्यालयों को इस पर व्यापक चर्चा कर महारानी होल्कर के योगदान को समझना चाहिए। कुलाधिपति ने कहा कि विश्वविद्यालयों में शोध कार्यों के मूल्यांकन के लिए वैश्विक स्तर पर कार्य करना होगा। तभी हम उच्च गुणवत्ता को प्राप्त कर सकेंगे। तभी शिक्षण संस्थानों को नैक मूल्यांकन राष्ट्रीय एवं अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय का मूल्यांकन सुनिश्चित हो सके। इससे हमारी विश्व रैकिंग में सुधार होगा।


समारोह की मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने कहा कि विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत संचालित समस्त पाठ्यक्रमों के शैक्षणिक परिणाम संतोषजनक और विद्यार्थियों के समग्र विकास में सहायक सिद्ध हुए हैं। इसके तहत भारतीय ज्ञान परंपरा, मूल्यों और सांस्कृतिक विरासत से संबंधित विषय-वस्तुओं को पाठ्यक्रमों में समाहित किया गया है, जिससे विद्यार्थियों को न केवल आधुनिक ज्ञान प्राप्त हो, बल्कि वे अपनी जड़ों से भी जुड़े रहें।

समारोह में कुलपति प्रो. प्रतिभा गोयल ने विश्वविद्यालय की विकास यात्रा का विवरण प्रस्तुत किया गया। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय ने शिक्षा, अनुसंधान व सामाजिक योगदान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति की है। विश्वविद्यालय एवं संबद्ध महाविद्यालयों के विद्यार्थी उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के अंतर्गत इत्र निर्माण कृषि एवं अन्य संबंधित क्षेत्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर के छात्र-छात्राएं देश के महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों न्यायिक सेवाओं राजनीतिक क्षेत्र शोध व शैक्षिक संस्थानों बैंकिंग सेवा भारतीय सेवा एवं निजी क्षेत्रों के उद्योगों में इसके अतिरिक्त विदेशों में भी अपनी सेवाएं दे रहे है। विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में 21 स्वर्णिम, 33 रजत वह 57 कांस्य पदक हासिल किए हैं। अनुभूति एक प्रयास के अंतर्गत विश्वविद्यालय ने छात्रों को विभिन्न आश्रमों से जोड़ा है जिससे युवा वर्ग के समाज में बुजुर्गों के प्रति सम्मान की भावना विकसित होने के साथ-साथ सेवा भाव भी जागृत हो सके। कुलपति ने बताया कि गत वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर शिक्षकों व विद्यार्थियों द्वारा योग शपथ लेकर विश्व कीर्तिमान स्थापित करने में योगदान दिया गया जिसके लिए राजभवन द्वारा विश्वविद्यालय को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। कुलपति ने बताया कि अयोध्या की पौराणिक सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत के संरक्षण एवं संबंध की दिशा में विश्वविद्यालय द्वारा वर्ष 2017 से निरंतर योगदान दिया जा रहा है। वर्ष 2024 के दिव्या दीपोत्सव में विश्वविद्यालय के 30 हजार छात्रों व शिक्षकों द्वारा पावन सरयू के 55 घाटों पर 25 लाख 12 हजार 585 दीप प्रज्वलित कर लगातार सातवीं बार गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित किया गया।
समारोह का शुरुआत राष्ट्रगीत से किया गया। इसके उपरांत छात्र-छात्राओं द्वारा कुलगीत की संगीतमय प्रस्तुती की गई। समारोह में कुलपति द्वारा अतिथियों को पौधा भेटकर स्वागत किया गया। इस समारोह के दौरान स्वर्ण जयंती पुस्तक का विमोचन कुलाधिपति एवं मुख्य अतिथि द्वारा किया गया। इसी क्रम में नवनिर्मित सरदार पटेल भवन का कुलाधिपति द्वारा ऑनलाइन लोकार्पण किया गया। समारोह में पुरस्कार एवं सर्टिफिकेट वितरण किया गया। जिनमें सर्वश्रेष्ठ लोगो डिजाइनर, वर्ष 2024 का शोध पुरस्कार, सर्वोत्कृष्ट स्नातक एवं परास्नातक छात्र पुरस्कार, महाविद्यालय एवं विवि को छात्र-छात्राओं को विभिन्न प्रतियोगिता के आधार पर पुरस्कार तथा गोद लिए गांव के विद्यालयीय छात्र-छात्राओं को विभिन्न प्रतियोगिता के आधार पर पुस्स्कृत किया गया। इसी क्रम में सर्वश्रेष्ठ आंगनबाड़ी पुरस्कार पांच चयनित कार्यकत्रियों को कुलाधिपति द्वारा प्रदान किया गया। वही ग्रामसभा के उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम प्रधान को भी स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन प्रो0 संत शरण मिश्र ने किया। धन्यवाद ज्ञापन कुलसचिव उमानाथ द्वारा किया गया। इस अवसर पर रामजन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय, डॉ. अनिल कुमार मिश्र, आयुक्त गौरव दयाल, जिलाधिकारी रण विजय सिंह, एसएसपी राज करन नय्यर, प्रो0 हिमांशु शेखर सिंह, प्रो0 चयन कुमार मिश्र, प्रो. आशुतोष सिन्हा, प्रो. नीलम पाठक, प्रो. एसके रायजादा, प्रो. सिद्धार्थ शुक्ला, प्रो. तुहिना वर्मा, प्रो. अशोक राय, प्रो केके वर्मा, प्रो विनोद श्रीवास्तव, प्रो अनूप कुमार, प्रो फर्रूख जमाल, प्रो मुदुला मिश्रा, प्रो शैलेन्द्र वर्मा, प्रो शैलेन्द्र कुमार, डॉ सुरेन्द्र मिश्र, सम्बद्ध महाविद्यालय के प्राचार्य एवं एवं अन्य अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी मौजूद रहे।

Ayodhya Samachar

Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments