Monday, August 31, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याशिक्षक और कर्मचारी विद्यालय की रीढ़ : डॉ. मणिशंकर

शिक्षक और कर्मचारी विद्यालय की रीढ़ : डॉ. मणिशंकर


सेवानिवृत्त शिक्षकों कर्मचारियों को भावभीनी विदाई, एसएसवी इंटर कॉलेज में हुआ शिक्षक सम्मान समारोह


अयोध्या। एसएसवी इंटर कॉलेज में सोमवार को शिक्षक सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में लंबे समय तक विद्यालय को अपनी सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हुए शिक्षकों और कर्मचारियों को सम्मानित कर भावभीनी विदाई दी गई। इस दौरान विद्यालय परिवार ने उनके योगदान और सेवाओं को याद करते हुए सुखद एवं स्वस्थ भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

समारोह में सेवानिवृत्त शिक्षक कृष्ण कुमार त्रिपाठी और विनोद शंकर मिश्रा को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। वहीं सेवानिवृत्त कर्मचारी छंगू प्रसाद और रामजी को भी उनकी निष्ठापूर्ण सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। पूर्व में सेवानिवृत्त हो चुके वरिष्ठ शिक्षक विनय कुमार श्रीवास्तव और डॉ. अलकेश दत्त पाठक का भी सम्मान किया गया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. मणिशंकर तिवारी ने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि शिक्षक और कर्मचारी किसी भी विद्यालय की रीढ़ होते हैं। उनके परिश्रम, अनुशासन और समर्पण से ही विद्यालय की पहचान और उपलब्धियां मजबूत होती हैं। सेवानिवृत्त हो रहे सहकर्मियों का योगदान विद्यालय परिवार सदैव स्मरण रखेगा।

शिक्षक अरुण कुमार दुबे, जग प्रसाद मौर्य, डॉ. देवेंद्र कुमार मिश्रा, सुरेंद्र देव तिवारी और कृष्ण कुमार त्रिपाठी ने अपने संबोधन में विद्यालय के विकास और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य में शिक्षकों की भूमिका पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने सेवानिवृत्त साथियों के साथ बिताए अनुभव और संस्मरण भी साझा किए।

समारोह को भावुक क्षण उस समय मिला जब सेवानिवृत्त शिक्षक डॉ. अलकेश दत्त पाठक ने अपनी स्वरचित कविता प्रस्तुत की। कविता ने उपस्थित शिक्षकों और कर्मचारियों को भावविभोर कर दिया। उन्होंने सभी के सुखी, स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।

समारोह का संचालन शिक्षक विवेकानंद पांडेय ने किया। अंत में विद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त साथियों को उपहार भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में वारिज नयन शर्मा, जय प्रकाश चौरसिया, अवधेश सिंह, जयेंद्र पाठक, अनिल मिश्रा, अशोक साहनी, स्नेहा सिंह, सुमन यादव, दुर्गा प्रसाद शर्मा, मनोज कुमार, कौशल कुमार, अनिल वर्मा, राज कुमार, नितिन पांडेय, नंद किशोर उपाध्याय, वरिष्ठ लिपिक मनीष जायसवाल, अभिनव त्रिपाठी और पवन यादव सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments