जलालपुर अंबेडकर नगर। गोपाष्टमी के पावन अवसर पर बुधवार को तमसा श्रेष्ठ ट्रस्ट द्वारा नगर पालिका परिषद जलालपुर स्थित गौशाला परिसर में गौमाता का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। श्रद्धालुओं ने गौमाता को गुड़, चना, लाई आदि खिलाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि गोमाता भारतीय संस्कृति की आधारशिला हैं। गोसेवा और गोसंवर्धन से समाज में सद्भाव, सुख और समृद्धि का संचार होता है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को गोपालन और गोसेवा में अपना योगदान देना चाहिए। पूजन कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने गोमाता की जय के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। अंत में उपस्थित जनों ने गोपालन का संकल्प लिया और कार्यक्रम का समापन हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से ट्रस्ट के पदाधिकारी, नगर अध्यक्ष विश्व हिंदू परिषद आदित्य मिश्र, आलोक कुमार बाजोरिया, अभिनव, बजरंग दल संयोजक सत्यम यादव, पुरोहित पं. रामदौर मिश्र, प्रेम दास, संजय गुप्ता सहित अनेक गौभक्त उपस्थित रहे।