Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर राष्ट्रीय एकता दिवस पर जिले में होगा ‘रन फॉर यूनिटी’ का भव्य...

राष्ट्रीय एकता दिवस पर जिले में होगा ‘रन फॉर यूनिटी’ का भव्य आयोजन

0

अंबेडकर नगर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को जिले में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में भव्यता और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन पूर्ण अनुशासन और उत्साह के साथ किया जाए।

उन्होंने बताया कि यह दौड़ 31 अक्टूबर को प्रातः आठ बजे पुलिस लाइन अकबरपुर से प्रारंभ होकर पटेल तिराहे तक आयोजित की जाएगी। इस दौड़ में जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी, एनसीसी कैडेट, एवं जनपद के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में भाग लेंगे।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम स्थल पर चिकित्सा सहायता हेतु एम्बुलेंस मय स्टाफ, पेयजल, साफ-सफाई, चूना छिड़काव एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही, क्षेत्राधिकारी अकबरपुर को यातायात व्यवस्था एवं रूट डायवर्जन की तैयारी करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि ‘रन फॉर यूनिटी’ के माध्यम से सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुँचाया जाएगा। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि जिला स्तरीय कार्यक्रम के साथ-साथ सभी थानों, विकास खंडों और निकायों में भी यह आयोजन भव्य रूप से किया जाए।

बैठक में विधायक कटेहरी धर्मराज निषाद, पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर, मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष त्र्यंबक तिवारी, अपर पुलिस अधीक्षक, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही, सभी उपजिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में प्रतिभाग किया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version