Tuesday, July 14, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरजिला कारागार में विचाराधीन बंदी की संदिग्ध मौत, तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल...

जिला कारागार में विचाराधीन बंदी की संदिग्ध मौत, तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित


अम्बेडकर नगर। जिला कारागार में निरुद्ध एक विचाराधीन बंदी की सोमवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। बंदी की अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

मृतक की पहचान 25 वर्षीय सुधाकर पुत्र राम असारे निवासी जनपद सीतापुर के रूप में हुई है। वह पिछले 15 महीने से पॉक्सो अधिनियम से संबंधित एक मुकदमे में विचाराधीन बंदी के रूप में जिला कारागार में निरुद्ध था।

जानकारी के अनुसार सोमवार शाम लगभग सवा पांच बजे सुधाकर की अचानक तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर जेल प्रशासन ने तत्काल उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।

प्रथम दृष्टया मौत के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बंदी की मौत स्वाभाविक कारणों से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments