अम्बेडकर नगर। सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत सोमवार को शिव बाबा धाम में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया गया। सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर रोड सेफ्टी आईआईटी मद्रास के प्रतिनिधियों ने सड़क दुर्घटनाओं के कारण, बचाव के उपाय और जिम्मेदार सड़क व्यवहार की जानकारी देते हुए लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
कार्यक्रम में एलईडी स्क्रीन पर सड़क सुरक्षा से जुड़े वीडियो प्रदर्शित किए गए। इसके बाद आयोजित संवाद सत्र में प्रतिभागियों ने सड़क हादसों से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। विशेषज्ञों ने हेलमेट और सीट बेल्ट के नियमित उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने की सलाह दी।
कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी अकबरपुर राजमणि वर्मा, CoERS, आईआईटी मद्रास के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। समापन पर सभी ने सड़क सुरक्षा शपथ लेकर स्वयं यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
उधर, अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग कटेहरी की टीम ने अहिरौली बाजार में वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। वहीं अकबरपुर के तहसील तिराहा पर सड़क सुरक्षा शिविर लगाकर नागरिकों को सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि जनसंवाद और जनभागीदारी आधारित ऐसे कार्यक्रम सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सड़क सुरक्षा को जनआंदोलन का रूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।