◆ मेडिकल कालेज में तीन दिवसीय कान्फरेंस के दौरान जुटेंगे देश भर के 400 से अधिक सर्जन
अयोध्या। राजर्षि दशरथ स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय अयोध्या में 25 से 27 जुलाई तक आयोजित होने वाली तीन दिवसीय सर्जरी कांफ्रेंस पूरी तरह राममय रहेगी। देशभर से आने वाले डॉक्टरों का स्वागत विशेष भक्ति भावना के साथ किया जाएगा। अतिथियों को सुंदरकांड की पुस्तक, ‘जय श्रीराम’ अंकित रिंग, भेंट की जाएगी। अतिथियों को भगवान राम की चरण पादुका और रामदरबार की प्रतिमा स्मृति-चिह्न स्वरूप भेंट की जाएगी। कान्फरेंस में पूरे देश से लगभग 400 डाक्टरों के शामिल होने की उम्मीद है। लगभग 80 फैकेल्टी द्वारा इन्हें सर्जरी के नवीन गुणों से अवगत कराया जाएगा।
सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. एमसी पांडेय ने जानकारी दी कि पहले दिन मेडिकल कॉलेज परिसर में ऑपरेटिव वर्कशॉप आयोजित की जाएगी, जिसमें दूरबीन विधि से ब्रेस्ट, हर्निया, थायरॉयड और यूरोलॉजी से संबंधित लाइव ऑपरेशन दिखाए जाएंगे। इन सत्रों से नए सर्जनों को अत्याधुनिक तकनीकों की जानकारी मिलेगी।
दूसरे व तीसरे दिन गंजा कॉलेज में कांफ्रेंस और शैक्षणिक व्याख्यान आयोजित होंगे। कान्फरेंस में देशभर से लगभग 400 डॉक्टरों के शामिल होने की संभावना है। अब तक 300 से अधिक रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं, जिनमें नेपाल से भी चार डॉक्टर शामिल होंगे। कांफ्रेंस में 80 से अधिक विशेषज्ञ फैकल्टी विभिन्न विषयों पर जानकारी साझा करेंगी, वहीं पीजी छात्रों द्वारा शोध पत्र भी प्रस्तुत किए जाएंगे।