◆ 60 वार्डों में एक साथ चला महा सफाई अभियान, 28,700 लोगों ने लिया हिस्सा
अयोध्या। स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए गुरुवार को अयोध्या नगर निगम क्षेत्र में बड़े स्तर पर सफाई अभियान चलाया गया। ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम के तहत आयोजित ‘एक दिन, एक घंटा, एकसाथ’ अभियान में शहर के सभी 60 वार्डों में एक साथ सफाई की गई। पार्षदों, स्वयंसेवियों, विद्यार्थियों और सफाई मित्रों समेत करीब 28,700 लोगों ने अभियान में भागीदारी की।
अभियान का मुख्य आयोजन साकेत अंडरपास स्थित सूर्य द्वार से लता चौक तक हुआ। आठ विद्यालयों के करीब 1,800 छात्र–छात्राओं के साथ नगर निगम के 300 सफाई मित्रों ने इसमें हिस्सा लिया। छात्रों ने हाथों में स्वच्छता का संदेश लिए रैली निकाली और लोगों को सार्वजनिक स्थलों के साथ अपने आसपास साफ-सफाई रखने के लिए प्रेरित किया। प्रतिभागियों ने स्वच्छता की शपथ भी ली।
महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी की अध्यक्षता में हुए अभियान के दौरान नगर निगम के सभी 60 वार्डों में पार्षदों की सहभागिता से सफाई कार्य कराया गया। विभिन्न स्थानों पर सफाई के साथ लोगों को कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक किया गया।
नगर निगम के अनुसार ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत विशेष स्वच्छता गतिविधियां एक माह तक जारी रहेंगी। अभियान के माध्यम से शहर में स्वच्छता को लेकर जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
इन विद्यालयों के छात्र हुए शामिल
अभियान में महाराजा इंटर कॉलेज, महाराजा पब्लिक स्कूल, तुलसी कन्या इंटर कॉलेज, गंगा प्रसाद इंटर कॉलेज, जनता अवध इंटर कॉलेज, शिव दयाल इंटर कॉलेज और लक्ष्मण बाल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज सहित विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार, अपर नगर आयुक्त भारत भार्गव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर्यन शुक्ला, सहायक नगर आयुक्त गुरु प्रसाद पांडेय, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक राजेश झा, देवी शुक्ला, विजेंद्र वर्मा और स्वच्छ भारत मिशन समन्वयक सूर्य प्रताप सिंह समेत टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
समाजसेवी आलोक सिंह राणा, भास्कर शुक्ला, इंद्रप्रीत सिंह बेदी, डॉ. रुचिरा सिंह, मीना यादव, विनीत पांडेय और पार्षद अनीता द्विवेदी सहित अन्य लोगों ने भी अभियान में सहभागिता की।