◆ अश्लील गाने गाकर कर रहा था अभद्रता, मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिस ने की कार्रवाई
अयोध्या। मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और युवतियों से अभद्रता करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में कोतवाली नगर पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। आरोप है कि युवक गुलाबबाड़ी चौराहे के पास आने-जाने वाली युवतियों को देखकर अश्लील गाने गा रहा था और उन पर आपत्तिजनक कमेंट कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली नगर में रिपोर्ट दर्ज की है।
पुलिस की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिस टीम रीडगंज चौराहे पर मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि गुलाबबाड़ी मोहल्ले की तरफ से आने-जाने वाली महिलाओं और युवतियों को देखकर एक युवक अश्लील हरकतें कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो एक व्यक्ति अश्लील गाने गाते हुए राह से गुजरने वाली युवतियों पर आपत्तिजनक टिप्पणी करता मिला।
पुलिस टीम ने मौके पर ही युवक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सद्दाम निवासी बेनीगंज, परिक्रमा मार्ग, कोतवाली नगर बताया। पुलिस के मुताबिक, आसपास मौजूद महिलाओं ने भी युवक की हरकतों की पुष्टि की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली नगर में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी