जलालपुर अम्बेडकर नगर। बोर्ड परीक्षा के पहले ही दिन एक इंटरमीडिएट की छात्रा ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। घटना से जहां परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे क्षेत्र में सनसनी का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
File photo
मामला मालीपुर थाना क्षेत्र के मालीपुर-जाफरगंज टिकरी के पास रेलवे लाइन का है। थाना क्षेत्र के खजूरी गांव निवासी 17 वर्षीय मनीषा पुत्री रामकुमार कक्षा 12 की छात्रा थी। वह खजूरी बाजार स्थित राम अवतार इंटर कॉलेज में अध्ययनरत थी। बुधवार को उसका बोर्ड परीक्षा का पहला पेपर था। सुबह करीब नौ बजे वह घर से निकली और मालीपुर-जाफरगंज टिकरी के पास रेलवे ट्रैक पर पहुंच गई, जहां ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार किसी बात को लेकर घर में कहासुनी हो गई थी, जिसके बाद वह नाराज होकर घर से निकल गई। मनीषा तीन बहनों में दूसरे नंबर पर थी तथा एक भाई भी है। घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष स्वतंत्र कुमार मौर्य मय पुलिस बल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।