जलालपुर अंबेडकरनगर। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में विद्यालय गई छात्रा रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों का आरोप है कि वह दस हजार रुपये नकद व जेवरात लेकर घर से निकलने के बाद से अब तक वापस नहीं लौटी है। बुधवार को परिजनों ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की, जिस पर पुलिस ने आरोपी युवक व उसके पिता के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता की मां के अनुसार, 25 अगस्त को उसकी पुत्री विद्यालय जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद पता चला कि वह कोतवाली क्षेत्र के प्रसून राय उर्फ सुशील के साथ गई है। जब परिजन ने युवक और उसके पिता रामसूरत से बात करने का प्रयास किया तो उन्होंने टालमटोल करना शुरू कर दिया। आरोप है कि फोन पर बातचीत के दौरान युवक ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
मां ने आशंका जताई है कि आरोपी पक्ष उसकी पुत्री को नुकसान पहुंचा सकते हैं। साथ ही बताया कि बालिका घर से जाते समय 10 हजार रुपये व जेवरात भी लेकर गई है। कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच-पड़ताल की जा रही है