जलालपुर, अंबेडकर नगर। चीनी के दामों में हाल के दिनों में हुई बढ़ोतरी को देखते हुए शासन के निर्देश पर प्रशासन ने थोक विक्रेताओं के गोदामों में स्टॉक सत्यापन की कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में सोमवार को उप जिलाधिकारी मधुमिता सिंह ने नगर के दो थोक विक्रेताओं के गोदामों का निरीक्षण कर चीनी के स्टॉक का सत्यापन किया।
उप जिलाधिकारी ने थोक विक्रेता दिलीप गुप्ता और त्रिलोकी गुप्ता के गोदामों पर पहुंचकर वहां उपलब्ध चीनी के स्टॉक का जायजा लिया। अधिकारियों ने गोदाम में मौजूद स्टॉक को रजिस्टर में दर्ज मात्रा से मिलान कराया और अभिलेखों की भी जांच की।
निरीक्षण के दौरान दोनों गोदामों में रजिस्टर में दर्ज स्टॉक और मौके पर उपलब्ध चीनी की मात्रा में कोई अंतर नहीं मिला। स्टॉक सही पाए जाने पर प्रशासन की ओर से दोनों थोक विक्रेताओं के खिलाफ किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई।
उप जिलाधिकारी मधुमिता सिंह ने बताया कि शासन के निर्देश के क्रम में थोक विक्रेताओं के गोदामों का निरीक्षण कर स्टॉक का सत्यापन किया गया है। दोनों स्थानों पर स्टॉक सही पाया गया। उन्होंने कहा कि आवश्यक वस्तुओं की कीमत और उपलब्धता को लेकर प्रशासन की निगरानी आगे भी जारी रहेगी।