अयोध्या। महार्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट अयोध्याधाम की अग्निशमन और आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। एयरपोर्ट के बेड़े में दुबई से आयातित अत्याधुनिक Airfield Rescue and Fire Fighting (ARFF) फायर टेंडर शामिल किया गया है। इसकी अनुमानित लागत करीब 6.7 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
एयरपोर्ट निदेशक धीरेंद्र सिंह ने बताया कि इस वाहन को दुनिया की प्रमुख फायरफाइटिंग उपकरण निर्माता कंपनी NAFFCO ने तैयार किया है। करीब 36 टन वजन वाले इस फायर टेंडर में 10 हजार लीटर पानी रखने की क्षमता है। विमान दुर्घटना या आग की स्थिति में यह वाहन तत्काल राहत एवं बचाव कार्य में उपयोगी होगा।
वाहन में दो शक्तिशाली फायरफाइटिंग मॉनिटर लगाए गए हैं। इनमें एक वाहन के आगे बंपर पर और दूसरा छत पर स्थित है। इनकी मदद से विभिन्न दिशाओं से आग पर काबू पाया जा सकेगा।
अत्याधुनिक तकनीक से लैस यह वाहन 115 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार पकड़ सकता है। इससे आपात स्थिति में रनवे पर घटनास्थल तक तेजी से पहुंचना संभव होगा। वाहन दिन और रात दोनों परिस्थितियों में तत्काल प्रतिक्रिया देने में सक्षम है।
एयरपोर्ट निदेशक के अनुसार, नए ARFF वाहन के शामिल होने से अयोध्या एयरपोर्ट की विमान अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हुई है तथा आपात स्थितियों से निपटने की क्षमता बढ़ी है।