लखनऊ। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ ने पासपोर्ट सेवाओं को अधिक सुगम, त्वरित और नागरिक-केंद्रित बनाने के उद्देश्य से 1 अगस्त 2026 (शनिवार) को विशेष पासपोर्ट सेवा अभियान आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस अभियान के तहत अवकाश के दिन भी अतिरिक्त अपॉइंटमेंट उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि लंबित आवेदनों का दबाव कम हो और अधिक से अधिक लोगों को समय पर पासपोर्ट सेवाएं मिल सकें।
विशेष अभियान के अंतर्गत क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ के अधिकार क्षेत्र में संचालित सभी चार पासपोर्ट सेवा केंद्र (पीएसके) और 33 पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र (पीओपीएसके) में अतिरिक्त अपॉइंटमेंट स्लॉट उपलब्ध रहेंगे। इच्छुक आवेदक पासपोर्ट सेवा पोर्टल पर ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक कर निर्धारित तिथि पर संबंधित केंद्र में पहुंचकर अपनी आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।
क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने आवेदकों से अपील की है कि वे समय रहते ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक करें तथा निर्धारित समय पर सभी आवश्यक मूल दस्तावेज और उनकी प्रतियों के साथ संबंधित पासपोर्ट सेवा केंद्र या पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र में उपस्थित हों।
इसके साथ ही जन शिकायत निवारण कार्यक्रम की व्यवस्था में भी महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। 17 अगस्त 2026 से क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ में आयोजित होने वाले जन शिकायत निवारण कार्यक्रम में केवल ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लेने वाले आवेदकों को ही प्रवेश और सुनवाई की सुविधा मिलेगी। कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि इस तिथि से ऑफलाइन पंजीकरण और बिना अपॉइंटमेंट के प्रवेश की व्यवस्था पूरी तरह समाप्त कर दी जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार, शिकायत या समस्या के समाधान के लिए आवेदकों को पहले से ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लेना होगा। निर्धारित तिथि और समय पर अपॉइंटमेंट की पुष्टि तथा संबंधित दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने पर ही उनकी शिकायतों का निस्तारण किया जाएगा। यह व्यवस्था नागरिकों को अधिक पारदर्शी, सुव्यवस्थित और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लागू की जा रही है।