Thursday, April 23, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याभंग कमेटियों के सहारे 2027 की तैयारी में सपा, संगठन में गुटबाजी...

भंग कमेटियों के सहारे 2027 की तैयारी में सपा, संगठन में गुटबाजी हावी


अयोध्या। जनपद में समाजवादी पार्टी संगठनात्मक अस्थिरता के बीच 2027 के चुनावी समीकरण साधने में जुटी नजर आ रही है। वर्तमान में पार्टी की दोनों जिला कमेटियां भंग हैं, जिससे कार्यकर्ताओं में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। संगठनात्मक दृष्टि से जिले को महानगर और ग्रामीण इकाइयों में विभाजित किया गया था, लेकिन दोनों ही स्तरों पर नेतृत्व को निष्क्रिय करते हुए पूर्व जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव और महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव को प्रभावहीन बना दिया गया।

सूत्रों के अनुसार गोसाईंगंज क्षेत्र के एक वरिष्ठ नेता की नाराजगी के चलते संगठनात्मक बदलाव किए गए, जिसका खामियाजा पूरी जिला कमेटियों को भुगतना पड़ा। इससे पार्टी के भीतर असंतोष बढ़ा है और कार्यकर्ताओं में भ्रम की स्थिति बनी हुई है।

पार्टी में गुटबाजी भी चरम पर बताई जा रही है। कई धड़े सक्रिय हैं, जो एक-दूसरे के खिलाफ काम कर रहे हैं और आपसी तालमेल का अभाव साफ नजर आ रहा है। स्थानीय नेताओं की अपेक्षा बाहर से आए नेताओं का प्रभाव बढ़ने से भी कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी जा रही है।

संगठनात्मक मजबूती के बिना आगामी चुनावों में पार्टी को नुकसान उठाना पड़ सकता है। फिलहाल सपा भंग कमेटियों के सहारे ही 2027 की तैयारी करती दिखाई दे रही है, जबकि जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने की जरूरत महसूस की जा रही है।


प्रेस वार्ता तक सीमित रह जाता है विपक्ष का विरोध


विपक्ष का विरोध अब केवल प्रेस वार्ताओं तक सिमटता नजर आ रहा है। समाजवादी पार्टी के नेता मुद्दों पर बयान तो दे रहे हैं, लेकिन सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने की सक्रियता बेहद कम दिखाई दे रही है। इसके चलते आम जनता से उनका सीधा जुड़ाव कमजोर पड़ता जा रहा है। संगठन के भीतर बढ़ती गुटबाजी इसका प्रमुख कारण बताया जा रहा है, जिससे कार्यकर्ताओं में एकजुटता की कमी दिख रही है। परिणामस्वरूप, विरोध की धार कमजोर होती जा रही है और जनसमर्थन पर भी इसका असर पड़ रहा है।


कार्यक्रमों के बहाने लगातार घर-घर सम्पर्क कर रही है भाजपा


उधर भारतीय जनता पार्टी लगातार चलाए जा रहे अभियानों से घर-घर दस्तक दे रही है। महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव के अनुसार स्थापना दिवस, अम्बेडकर जयंती, नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रचार प्रसार के लिए चलाए जा रहे ग्राम चलों बस्ती चलो अभियान के तहत लगभग 50 हजार मतदाताओं तक पहुंची है। जनप्रतिनिधियों व पदाधिकारियों ने अभियान चला कर महानगर के विभिन्न क्षेत्रों में सम्पर्क किया है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी भाजपाई अभियानों के तहत लगातार लोगों से सम्पर्क कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar

Recent Comments