Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या सिंधी समाज ने आईजी को सौंपा ज्ञापन, अमित बघेल पर एफआईआर दर्ज...

सिंधी समाज ने आईजी को सौंपा ज्ञापन, अमित बघेल पर एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग

0

छत्तीसगढ़ के विवादित बयान पर अयोध्या में उबाल, चेतायाजल्द कार्रवाई हुई तो होगा आंदोलन


अयोध्या। छत्तीसगढ़ के अमित बघेल द्वारा दिए गए विवादित बयान को लेकर अयोध्या में सिंधी समाज ने विरोध जताया। शुक्रवार को पूज्य सिंधी सेंट्रल पंचायत अयोध्या और सिंधु सेवा समिति (रजि.) के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस महानिरीक्षक प्रवीण कुमार को ज्ञापन सौंपकर अमित बघेल के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राकेश लधानी, पूर्व मंत्री व सिंधु सेवा समिति (रजि.) के अध्यक्ष अमृत राजपाल, तथा सिंधी सेंट्रल पंचायत के नगर अध्यक्ष पवन जीवानी ने किया।

पुलिस महानिरीक्षक ने समाज की बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि मामले में न्यायोचित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि सिंधी समाज की भावनाओं का सम्मान करते हुए निष्पक्ष जांच और आवश्यक विधिक कदम उठाए जाएंगे।

राकेश लधानी ने कहा कि सिंधी समाज का गौरवशाली इतिहास है और उसने देश के विकास में हमेशा योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रभु झूलेलाल और सिंधी समाज पर अभद्र टिप्पणी करने वाले अमित बघेल को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।

पवन जीवानी ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था में सिंधी समाज का बहुमूल्य योगदान रहा है और समाज पर की गई टिप्पणी अपमानजनक है।

अमृत राजपाल ने चेतावनी दी कि अगर शीघ्र एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी नहीं की गई, तो सिंधी समाज सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगा। उन्होंने कहा कि सिंधी समाज भारत की सांस्कृतिक धारा का अभिन्न हिस्सा है और किसी भी आपत्तिजनक टिप्पणी को बर्दाश्त नहीं करेगा।

सिंधु सेवा समिति के संरक्षक मोहन मंध्यान ने कहा कि समाज ने एकजुट होकर यह स्पष्ट कर दिया है कि वह अपने आराध्य देव और सम्मान के खिलाफ कोई भी टिप्पणी सहन नहीं करेगा।

ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में उपेन्द्र पाण्डेय, भीमन दास माखेजा, अशोक सुखी, देवकुमार क्षेत्रपाल, रोशन तोलानी, धर्मपाल रावलानी, सुनील रामानी, जगदीप वाधवानी, कमलेश केवलानी, कन्हैया लाल सागर, नरेंद्र क्षेत्रपाल, जयप्रकाश क्षेत्रपाल, सुनील मंध्यान, धीरज राजपाल, कन्हैया लाल माखेजा, लक्ष्मण दास माखेजा, ज्ञान केशवानी और अधिवक्ता यश आहूजा सहित कई सदस्य मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version