Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर श्रेया राज ने चंडीगढ़ में जीता स्वर्ण, रोशन किया जिले का नाम

श्रेया राज ने चंडीगढ़ में जीता स्वर्ण, रोशन किया जिले का नाम

0

जलालपुर, अंबेडकर नगर। बुलंदियों तक पहुंचने का जज्बा हो तो संसाधनों की कमी भी प्रतिभा की राह में बाधा नहीं बनती। मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर जलालपुर क्षेत्र के बड़ेपुर गांव की होनहार बेटी श्रेया राज ने एक बार फिर जिले का नाम रोशन किया है। चंडीगढ़ में आयोजित 800 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में श्रेया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।

बड़ेपुर गांव निवासी सुरेश चंद की पुत्री श्रेया राज पढ़ाई के साथ पिछले करीब नौ वर्षों से एथलेटिक्स में लगातार मेहनत कर रही हैं। प्रसिद्ध धावक पीटी ऊषा को अपना आदर्श मानने वाली श्रेया जिला, मंडल, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं।

वर्ष 2016 में श्रेया ने सीबीएसई प्रतियोगिताओं में 400, 800 मीटर और 100 मीटर रिले दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल किए। उन्हें वेस्ट एथलेटिक्स गर्ल अंडर-14 का पुरस्कार भी मिला। सीबीएसई नेशनल प्रतियोगिता में गुजरात के वडोदरा में 400 मीटर दौड़ में सातवां और 800 मीटर में चौथा स्थान हासिल किया। राज्य स्तरीय एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता के अंडर-14 वर्ग में 800 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता।

वर्ष 2017 में श्रेया का चयन भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के लिए हुआ। वर्ष 2018 में राज्य स्तरीय एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता के अंडर-14 वर्ग की 600 मीटर दौड़ में कांस्य पदक हासिल किया। माध्यमिक खेलकूद प्रतियोगिता में 200, 400 और 800 मीटर में स्वर्ण पदक जीतकर मंडल चैंपियन बनीं और राज्य स्तर के लिए क्वालीफाई किया। इसके बाद 200, 400 और 800 मीटर में रजत पदक हासिल कर राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित हुईं।

रिलायंस यूथ फाउंडेशन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी श्रेया ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 600 मीटर में रजत और 400 मीटर में स्वर्ण पदक हासिल किया। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वर्ष 2019 में माध्यमिक खेलकूद प्रतियोगिता में 200, 400 और 800 मीटर में रजत पदक हासिल किया।

श्रेया की लगातार उपलब्धियों और चंडीगढ़ में स्वर्ण पदक जीतने से परिवार के साथ ही क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। लोगों ने उनकी सफलता पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version