Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर दुकानदारों ने युवक की जमकर की पिटाई, वीडियो वायरल

दुकानदारों ने युवक की जमकर की पिटाई, वीडियो वायरल

0
ayodhya samachar

जलालपुर, अम्बेडकर नगर। कोतवाली क्षेत्र के यादव चौराहा स्थित एक ठेले नुमा नाश्ते-पानी की दुकान पर बुधवार शाम उस समय हंगामा मच गया जब एक युवक ने छोला-भटूरा खाने के बाद पैसे देने से इनकार कर दिया। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि दुकान पर मौजूद दुकानदार और उसके साथियों ने युवक की भरे चौराहे पर जमकर पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, यादव चौराहा पर दिलीप गुप्ता की ठेले पर बनी दुकान पर एक अज्ञात युवक ने खाना खाया। दुकानदार के अनुसार जब युवक से पैसे मांगे गए तो उसने गाली-गलौज शुरू कर दी और ठेले पर रखे खाद्य सामग्री को फेंकने लगा। इतना ही नहीं, युवक ने लाठी-डंडा और ईंट उठाकर दुकान की ओर फेंका, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। इस पर दुकानदार दिलीप गुप्ता ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर युवक को पकड़कर उसकी लाठी-डंडे और लात-घूंसों से पिटाई शुरू कर दी। पिटाई का यह वीडियो चौराहे पर मौजूद किसी व्यक्ति ने मोबाइल से रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने लाई। हालांकि, बाद में परिजनों के पहुंचने पर युवक को उनके सुपुर्द कर दिया गया। इस संबंध में कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है, लेकिन अभी तक कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version