Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से हुआ शक्ति संवाद, आर्थिक आत्मनिर्भरता पर...

स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से हुआ शक्ति संवाद, आर्थिक आत्मनिर्भरता पर जोर

0

अयोध्या उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान की अध्यक्षता में बुधवार को महिला कल्याण विभाग एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के सहयोग से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के साथ शक्ति संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया गया।

आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की महिला कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के बारे में बताया। उन्होंने महिलाओं से इन योजनाओं का लाभ उठाने के साथ ही अन्य महिलाओं को भी जागरूक करने की अपील की।

उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे स्थानीय उत्पादों की सराहना करते हुए कहा कि जब एक महिला आर्थिक रूप से सशक्त होती है तो पूरा परिवार और समाज मजबूत होता है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे अपने गांवों में अधिक से अधिक महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ें, ताकि उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध हो सकें।

शक्ति संवाद के दौरान आयोग की अध्यक्ष ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से सीधे संवाद किया और उनके कार्यों तथा आय के संबंध में जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि समूहों से जुड़ने के बाद उनके जीवन स्तर में सुधार आया है। समूह से जुड़ी महिलाएं सिलाई, रेडीमेड गारमेंट, दोना-पत्तल निर्माण, माला सहित विभिन्न स्थानीय उत्पाद तैयार कर रही हैं। महिलाओं ने बताया कि इन गतिविधियों के माध्यम से वे करीब पांच हजार से लेकर 30 हजार रुपये प्रतिमाह तक की आय अर्जित कर रही हैं।

अध्यक्ष ने महिलाओं के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूह महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ उन्हें निर्णय लेने और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने का अवसर भी प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने महिलाओं को आगे भी इसी तरह आत्मनिर्भरता की दिशा में कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम के अंत में आयोग की अध्यक्ष ने उत्कृष्ट कार्य कर रही महिलाओं का उत्साहवर्धन किया और आत्मनिर्भर समाज के निर्माण में उनके योगदान की सराहना की।

कार्यक्रम में महानगर भाजपा मंत्री श्रीमती स्वाति सिंह, खंड विकास अधिकारी पूराब्लॉक, नायब तहसीलदार सोहावल रिशु जैन, एनआरएलएम की डीएमएम सरिता गुप्ता एवं डीसी सरिता वर्मा, महिला कल्याण विभाग से श्रीमती वंदना तिवारी, जिला मिशन कोऑर्डिनेटर (HEW) अस्तुति, सेंटर मैनेजर प्रभा मणिपाल, प्रतिभा पांडे (OSC), चाइल्ड लाइन से पल्लवी दीक्षित सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version