Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर जापानी इंसेफेलाइटिस व डेंगू पर प्रशासन अलर्ट, प्रभावित क्षेत्रों में चला विशेष...

जापानी इंसेफेलाइटिस व डेंगू पर प्रशासन अलर्ट, प्रभावित क्षेत्रों में चला विशेष सफाई अभियान

0

अम्बेडकर नगर। जनपद में जापानी इंसेफेलाइटिस और डेंगू के मरीज मिलने के बाद जिला प्रशासन ने रोकथाम के लिए अभियान तेज कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग और पंचायती राज विभाग की टीमों ने प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर विशेष सफाई, दवा छिड़काव और स्वास्थ्य जांच अभियान चलाया। अधिकारियों ने लोगों को साफ-सफाई बनाए रखने और संभावित लक्षण मिलने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराने की सलाह दी है।

विकासखंड जहांगीरगंज के ग्राम पंचायत सांति सदर में जापानी इंसेफेलाइटिस का मरीज मिलने की सूचना पर मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला और जिला पंचायत राज अधिकारी उपेंद्र कुमार पाण्डेय मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लेते हुए मरीज के घर के आसपास और गांव में विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम ने मौके पर पहुंचकर सैंपलिंग और जांच की।

मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि मरीज के परिवार के सदस्यों समेत आसपास के 27 लोगों की जांच कराई गई। सभी की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसके बावजूद स्वास्थ्य और पंचायती राज विभाग की टीमें क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही हैं।

इसी तरह विकासखंड टांडा के वार्ड नंबर 15 मीरपुर हयातगंज और अमिया बाभनपुर, कटेहरी के ग्राम पंचायत बेनीपुर तथा भीटी के ग्राम पंचायत परवरभारी में डेंगू के मरीज मिलने के बाद प्रशासन ने तत्काल निरोधात्मक कार्रवाई शुरू कर दी। प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाने के साथ मरीजों के घरों और आसपास दवा का छिड़काव कराया गया। मेडिकल टीमों ने लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में नियमित सफाई, दवा छिड़काव और निगरानी व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही न हो। उन्होंने कहा कि संभावित बीमारी का कोई मामला सामने आते ही तत्काल स्वास्थ्य विभाग को सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

अधिकारियों के अनुसार, बीमारी की रोकथाम के लिए प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और स्वास्थ्य विभाग की टीमें लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर रही हैं।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version