जलालपुर, अंबेडकर नगर। कोतवाली क्षेत्र से जुड़े अश्लील वीडियो वायरल करने के मामले में एक बड़े रैकेट के सक्रिय होने का खुलासा हुआ है। इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक वीडियो अपलोड करने के आरोप में पकड़े गए एक आरोपी से पूछताछ के दौरान कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह महज एक युवक द्वारा की गई शरारत नहीं, बल्कि सुनियोजित तरीके से संचालित गोरखधंधे की कड़ियाँ उजागर हो रही हैं।
पुलिस ने अब तक कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि वीडियो कॉलिंग के ज़रिए अश्लील वीडियो तैयार किए जाते हैं, जिन्हें बाद में पेन ड्राइव में सुरक्षित रखकर बेचा भी जाता है। इसके अतिरिक्त, इन वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफार्मों जैसे इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर वायरल किया जा रहा है।
कोतवाली प्रभारी प्रफुल्ल यादव ने बताया कि मामले की तह तक पहुंचने के लिए कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है और उम्मीद है कि जल्द ही इस रैकेट से जुड़े अन्य चेहरों का भी खुलासा हो सकेगा।
सूत्रों की मानें तो इस गोरखधंधे में कई और लोग भी शामिल हो सकते हैं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क को खंगालने के लिए डिजिटल साक्ष्यों और सोशल मीडिया गतिविधियों की भी छानबीन कर रही है। कोतवाली क्षेत्र में सामने आया यह मामला सोशल मीडिया के गलत इस्तेमाल और युवाओं की भटकती मानसिकता पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।