Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या राममंदिर चढ़ावा चोरी मामले में टिन्नू और मनीष की सात दिन की...

राममंदिर चढ़ावा चोरी मामले में टिन्नू और मनीष की सात दिन की कस्टडी रिमांड मांगी

0
ayodhya samachar

◆ विशेष अदालत में पुलिस का प्रार्थना पत्र, शुक्रवार को होगी सुनवाई


◆  जिला कारागार पहुंचकर दोनों आरोपियों से भी की गई पूछताछ


अयोध्या। राममंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण की जांच में जुटी पुलिस ने मामले के दो आरोपियों रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू और मनीष यादव की सात दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड मांगी है। मामले के विवेचक एवं क्षेत्राधिकारी अयोध्या आशुतोष तिवारी ने विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की अदालत में विशेष अभियोजन अधिकारी के माध्यम से प्रार्थना पत्र दाखिल किया है। अदालत ने इस प्रार्थना पत्र पर सुनवाई के लिए शुक्रवार की तिथि निर्धारित की है।

पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों से अभिरक्षा में लेकर पूछताछ किए जाने पर मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्यों का खुलासा होने के साथ ही अहम बरामदगी की संभावना है। इसी आधार पर सात दिन की कस्टडी रिमांड का अनुरोध किया गया है। सुनवाई के दौरान अभियोजन और बचाव पक्ष अपने-अपने तर्क रखेंगे, जिसके बाद अदालत कस्टडी रिमांड पर निर्णय देगी।

इससे पहले पुलिस इसी मामले में छह अन्य आरोपियों को कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ कर चुकी है। रिमांड अवधि में घटना की साजिश, चढ़ावे की धनराशि के लेन-देन, साक्ष्यों के सत्यापन तथा अन्य पहलुओं पर पूछताछ की गई थी।

उधर, गुरुवार को विवेचक एवं क्षेत्राधिकारी अयोध्या आशुतोष तिवारी जिला कारागार पहुंचे, जहां उन्होंने आरोपी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू और मनीष यादव से पूछताछ की। जांच में अब तक सामने आए तथ्यों के सत्यापन के लिए दोनों से सीसीटीवी फुटेज, बरामदगी, पूर्व में दर्ज बयानों तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर कई महत्वपूर्ण सवाल पूछे गए।

पुलिस जांच में अब तक टिन्नू को चढ़ावा चोरी की पूरी वारदात का मास्टरमाइंड माना जा रहा है। मनीष यादव उसका भतीजा है, जिसकी तैनाती राममंदिर में गणनाकर्मी के रूप में टिन्नू की सिफारिश पर हुई थी। पूछताछ के दौरान विवेचक ने दोनों से नियुक्ति प्रक्रिया, गणना कार्य के दौरान उनकी जिम्मेदारियों तथा कथित साजिश में उनकी भूमिका को लेकर विस्तार से जानकारी जुटाई।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version