Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर आकाशीय बिजली की चपेट में आए बकरी चराने गए अधेड़ की मौत,...

आकाशीय बिजली की चपेट में आए बकरी चराने गए अधेड़ की मौत, परिवार में मचा कोहराम

0
ayodhya samachar

जलालपुर ,अंबेडकर नगर। गुरुवार सुबह हुई बूंदाबांदी के बीच बकरियां चराने गए एक अधेड़ की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के पेठिया हलीमपुर गांव निवासी हौसिला (55) पुत्र रामदीन गुरुवार सुबह बकरियों को चराने के लिए गांव के बाहर गए थे। इसी दौरान मौसम अचानक बिगड़ गया और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली उनके ऊपर गिर गई। बिजली की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

उपजिलाधिकारी राहुल गुप्ता ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय लेखपाल को मौके पर भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद शासन की ओर से मिलने वाली अनुमन्य आर्थिक सहायता दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।

बताया जाता है कि हौसिला मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में दो पुत्र और एक पुत्री हैं, जिनका विवाह हो चुका है। अचानक हुई इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version