Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर एस डी एम का सख्त रुख, कई...

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर एस डी एम का सख्त रुख, कई कार्यों का भुगतान रोका

0
ayodhya samachar

जलालपुर, अम्बेडकर नगर। नगर पालिका क्षेत्र में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर मिल रही लगातार शिकायतों के बाद उप जिलाधिकारी राहुल गुप्ता ने शुक्रवार को कई स्थलों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों और लापरवाही पर एस डी एम ने नाराजगी जताते हुए तत्काल सुधार व जिम्मेदारों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।

नगपुर रोड पर नाली निर्माण का मौका निरीक्षण करते हुए एस डी एम ने पाया कि ईंटें घटिया गुणवत्ता की थीं, मसाला कमजोर था और कार्य दोयम दर्जे का किया जा रहा था। इस पर उन्होंने निर्माण एजेंसी को मौके पर ही सुधार कराने का निर्देश दिया तथा चेतावनी दी कि मानक के विपरीत काम स्वीकार नहीं किया जाएगा।

मालीपुर रोड स्थित होंडा एजेंसी के सामने नाली और पटिया निर्माण की जांच में भी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। एस डी एम ने पटिया तुड़वाकर गुणवत्ता जांची, जिसमें घटिया सामग्री का उपयोग पाया गया। इस पर संबंधित कार्य की भुगतान पत्रावली रोक दी गई।

इसी प्रकार मालीपुर रोड की उत्तरी पटरी पर बन रहे नाले की जांच में भी मानक के अनुसार निर्माण न होने की पुष्टि हुई। कमजोर पटिया मिलने पर उसे भी मौके पर तुड़वाकर देखा गया और गुणवत्ता खराब पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से भुगतान रोकने के निर्देश दिए गए।

मोहल्ला आसीपुर में शिवपूजन मंदिर से विजय बहादुर के घर तक हो रहे मिट्टी भराई व खड़ंजा कार्य में भी लापरवाही सामने आई। खड़ंजा ठीक से नहीं जमाया गया था और मिट्टी भराई भी मानक से कम पाई गई। इस कार्य का भुगतान भी रोका गया है।

एस डी एम राहुल गुप्ता ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मानक के अनुरूप कार्य न करने वाले अधिकारियों और ठेकेदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version