अयोध्या। अयोध्या में सरयू नदी के किनारे बन रहा रिवरफ्रंट अब श्रीराम मंदिर से जुड़ने जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को एक नया अनुभव मिलेगा। तकरीबन 23.46 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस रिवरफ्रंट का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है।
परियोजना के तहत नदी किनारे सीढ़ियों पर पत्थर लगाने का कार्य पूरा कर लिया गया है। साथ ही 100 मीटर घाट क्षेत्र में इंटरप्रिटेशन वाल, शिलालेख और साइनेज लगाए जा चुके हैं। 9 छतरियों की नींव का काम चल रहा है। रिवरफ्रंट पर बैठने की सुविधा, छायादार स्थल और सैर के लिए पथ जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यहां श्रद्धालु स्नान, योग और ध्यान जैसी गतिविधियों में भाग ले सकेंगे।
पर्यटन विभाग का उद्देश्य अयोध्या को एक ऐसा स्थल बनाना है जहां धार्मिक महत्व के साथ पर्यटक सुविधाएं भी उपलब्ध हों। जिले के डीएम निखिल टीकाराम फुंडे के अनुसार, निर्माण कार्य तय समयसीमा के अनुसार आगे बढ़ रहा है और इसे जल्द ही आमजन के लिए खोला जाएगा।
स्थानीय लोगों का मानना है कि इस रिवरफ्रंट से अयोध्या में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के अवसर भी बनेंगे।