अयोध्या। ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन की मंडलीय कार्यकारिणी के आह्वान पर सोमवार को अयोध्या कैंट में रनिंग स्टाफ ने धरना-प्रदर्शन किया। श्री अंजनी कुमार की अध्यक्षता में आयोजित प्रदर्शन में कर्मचारियों की विभिन्न लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग उठाई गई।
कर्मचारियों ने लोको रनिंग स्टाफ से यार्ड मैप बनवाए जाने का विरोध किया। साथ ही मंडल की सभी मेमो गाड़ियों में सहायक लोको पायलट (ALP) की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की। परिचालन विभाग में कुप्रबंधन का आरोप लगाते हुए आउट स्टेशन रेस्ट बढ़ने और मुख्यालय रेस्ट कम होने पर भी नाराजगी जताई गई।
प्रदर्शनकारियों ने चिकित्सीय रूप से अनफिट रनिंग स्टाफ को अस्थायी वैकल्पिक पद देने, लॉन्ग रिजर्व के नाम पर अवकाश नहीं रोकने और दंडात्मक कार्रवाई बंद करने की मांग की। दो वर्ष की सेवा पूरी कर चुके 50 प्रतिशत LPS को सीनियर LPS में अपग्रेड करने तथा LPG, LPP और LPM के रिक्त पदों को भरने की भी मांग उठाई गई।
कर्मचारियों ने रनिंग लाइन के पास लॉन्ग हाल बनाए जाने से पहले पर्याप्त प्रकाश और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। धरने में अंजनी कुमार, वरुण यादव, राम प्रकाश, ओपी मौर्य, राजेंद्र यादव, बब्बू यादव, शिवनाथ मौर्य, संजय कुमार, प्रवीण कुमार, शिव मंदिर पाल, वीरेंद्र कुमार, आशुतोष चौरसिया, अशोक वर्मा और करुणेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।