अंबेडकर नगर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में शनिवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक जिलाधिकारी कार्यालय कक्ष में सम्पन्न हुई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद के सभी दुर्घटना बाहुल्य स्थलों पर आवश्यकता अनुसार रंबल स्ट्रिप, स्पीड ब्रेकर और चेतावनी साइन बोर्ड लगाए जाएं। साथ ही जहां सड़क किनारे झाड़ियों के कारण दुर्घटना की संभावना बनी हुई है, वहां की तत्काल सफाई कराई जाए।
नेशनल हाईवे पर गोविंद साहब मार्ग हेतु संकेतक बोर्ड लगाने और एनएच-233, 135 एवं 128 पर बने अवैध कट बंद करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी अंडरपासों में प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने और राष्ट्रीय राजमार्गों पर बने गड्ढों की शीघ्र मरम्मत कराने पर भी जोर दिया।
सड़क दुर्घटनाओं के पीड़ितों को त्वरित चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराने हेतु मुख्य चिकित्सा अधिकारी को एम्बुलेंस सेवा के रिस्पांस टाइम में सुधार करने के निर्देश दिए गए। वहीं, ओवर स्पीड वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए एआरटीओ और सीओ ट्रैफिक को सघन अभियान चलाकर चालान की कार्रवाई तेज करने के आदेश दिए गए।
बैठक में अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, क्षेत्राधिकारी अकबरपुर, अधिशासी अभियंता विद्युत, एआरटीओ, अपर जिला सूचना अधिकारी, एनएचएआई सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।