अयोध्या। आगामी कांवड़ यात्रा एवं श्रावण झूला मेला-2026 को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संबंधित विभागों एवं पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में महापौर गिरीशपति त्रिपाठी भी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि श्रावण मास के दौरान प्रदेश के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या पहुंचते हैं। श्रद्धालु सरयू स्नान कर भगवान नागेश्वरनाथ का जलाभिषेक करते हैं तथा सरयू जल लेकर अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान करते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष श्रावण मास में चार सोमवार पड़ रहे हैं। प्रथम सोमवार 3 अगस्त से पहले सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों से जुड़े कार्यों को पूरा कर लें। जिलाधिकारी ने सिंचाई, नगर निगम, विद्युत, स्वास्थ्य, लोक निर्माण विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध ढंग से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में मेला क्षेत्र की खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने, राष्ट्रीय एवं प्रांतीय राजमार्गों का निरीक्षण करने तथा निर्माणाधीन कार्यों को शीघ्र पूरा कराने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और अपनी कार्ययोजना समय से प्रशासन को उपलब्ध कराएं।
श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए मेला अवधि में कंट्रोल रूम स्थापित करने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन तथा आवश्यक सुविधाओं की पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि मेला अवधि में मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारी लगातार भ्रमणशील रहेंगे और निर्धारित यातायात योजना का प्रभावी क्रियान्वयन कराया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी (नगर) योगानंद पांडेय ने विभिन्न विभागों को आवंटित दायित्वों की समीक्षा करते हुए व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि श्रावण मास के दौरान मणि पर्वत मेला, नाग पंचमी, गोस्वामी तुलसीदास जयंती, झूलनोत्सव, श्रावण शिवरात्रि तथा रक्षाबंधन सहित कई प्रमुख धार्मिक आयोजन होंगे, जिनके दृष्टिगत विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
जिलाधिकारी ने नगर निगम को पेयजल, मोबाइल शौचालय एवं स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं विद्युत विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति, ढीले तारों की मरम्मत, अतिरिक्त ट्रांसफार्मरों की व्यवस्था एवं विद्युत कंट्रोल रूम स्थापित करने को कहा। स्वास्थ्य विभाग को प्राथमिक उपचार केंद्र, एम्बुलेंस, स्ट्रेचर, आवश्यक दवाओं एवं अस्पतालों में बेड आरक्षित रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में खाद्य सुरक्षा, रोडवेज, रेलवे, पुलिस, पर्यटन, संस्कृति, वन, पुरातत्व, अयोध्या विकास प्राधिकरण एवं अन्य विभागों को भी मेला अवधि के दौरान अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कानून-व्यवस्था एवं यातायात संचालन को सुचारु बनाए रखने के लिए मेला क्षेत्र को विभिन्न जोन एवं सेक्टरों में विभाजित कर जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती किए जाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, पुलिस अधीक्षक नगर, उपाध्यक्ष अयोध्या विकास प्राधिकरण, अपर नगर आयुक्त, जिला सूचना अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।